Blog

‘प्रभु श्रीराम के श्रीचरणों में मां को परम विश्राम प्राप्त हो…’, मां के निधन के बाद सीएम योगी की भावुक पोस्ट, भगवान से की प्रार्थना

हरिद्वार ( शिखर दर्शन ) // मां को अंतिम विदाई देने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक संदेश साझा किया है। मां सावित्री देवी के निधन और अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम से उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मां की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘प्रभु श्री राम के श्री चरणों में मां को परम विश्राम प्राप्त हो… यही प्रार्थना है। ॐ शांति।’ मुख्यमंत्री की इस भावुक पोस्ट पर लोग अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

इससे पहले शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट स्थित श्मशान घाट पर सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। उनके सबसे छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई नेता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद रहे।

सुबह पैतृक गांव से निकली अंतिम यात्रा

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह करीब 8:50 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई। अंतिम यात्रा करीब 11:40 बजे हरिद्वार के चंडीघाट श्मशान घाट पहुंची। यहां अंतिम संस्कार की रस्में शुरू होने से पहले पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि के लिए रखा गया। इस दौरान मौजूद नेताओं और साधु-संतों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।

मां को विदाई देते समय भावुक हुए योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी मां के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। इस दौरान वह भावुक नजर आए और उनकी आंखें नम हो गईं। मां के निधन से परिवार में शोक का माहौल है।

गौरतलब है कि सावित्री देवी ने शुक्रवार को अपने पैतृक आवास पंचूर में अंतिम सांस ली थी। परिवार के मुताबिक, वह लंबे समय से उम्र संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने निर्धारित कार्यक्रम पूरे कर उत्तराखंड पहुंचे थे।

मां के अंतिम संस्कार के बाद साझा किया गया मुख्यमंत्री का यह संदेश उनके भावनात्मक जुड़ाव और मां के प्रति श्रद्धा को व्यक्त करता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!