पंचतत्व में विलीन हुईं सीएम योगी की मां सावित्री देवी, छोटे बेटे ने दी मुखाग्नि; अंतिम विदाई में उमड़े नेता और साधु-संत

हरिद्वार ( शिखर दर्शन ) // उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट पर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। चार पुत्रों में सबसे छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने दोपहर करीब 12:30 बजे उन्हें मुखाग्नि दी। मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित परिवार के सदस्य भावुक नजर आए। इस दौरान उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई नेता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद रहे।
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह करीब 8:50 बजे उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के चंडीघाट श्मशान घाट के लिए रवाना हुई। करीब 11:40 बजे पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचा। यहां अंतिम संस्कार की रस्में शुरू होने से पहले पार्थिव देह को श्रद्धांजलि के लिए रखा गया। उपस्थित नेताओं, जनप्रतिनिधियों और साधु-संतों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी।
मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह अपनी मां के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान वह काफी भावुक दिखाई दिए। मां के निधन से परिवार में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार में शामिल लोगों ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शुक्रवार को पैतृक आवास पर हुआ था निधन
सावित्री देवी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली थी। परिवार के मुताबिक, वह लंबे समय से उम्र संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। मां के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने निर्धारित कार्यक्रम पूरे किए और उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए थे।
सावित्री देवी के निधन की खबर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को हरिद्वार के चंडीघाट पर अंतिम संस्कार के साथ वह पंचतत्व में विलीन हो गईं।



