बिलासपुर संभाग

सड़क हादसे में घायल कारोबारी को मिलेगा 1.04 करोड़ रुपये मुआवजा, बीमा कंपनी को एक महीने में भुगतान का आदेश

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए एक कारोबारी को मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने बड़ी राहत दी है। करीब आठ साल पुराने हादसे के मामले में अधिकरण ने कारोबारी ओमप्रकाश दुबे के पक्ष में 1 करोड़ 4 लाख 22 हजार 950 रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश सुनाया है। इसके साथ ही दावा पेश करने की तारीख से भुगतान होने तक 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा। अधिकरण ने बीमा कंपनी को एक महीने के भीतर पूरी राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।

यह फैसला दसवें अतिरिक्त मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी आदित्य जोशी ने सुनाया। अधिकरण ने मामले में प्रस्तुत दस्तावेजों, गवाहों के बयान और चिकित्सा संबंधी साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद मुआवजे की राशि निर्धारित की।

2018 में पिकअप की टक्कर से हुआ था हादसा

मामला 3 दिसंबर 2018 का है। कारोबारी ओमप्रकाश दुबे अपनी दुकान ओम मेटल स्टोर्स से भतीजी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चकरभाठा थाना क्षेत्र में राम मंदिर के पास सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में ओमप्रकाश दुबे के दाहिने पैर और कूल्हे में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बेहतर इलाज के लिए विमान से मुंबई ले जाना पड़ा

हादसे के बाद कारोबारी का प्रारंभिक उपचार बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें विमान से मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर ले जाना पड़ा। लंबे उपचार के बावजूद उनकी शारीरिक स्थिति पर दुर्घटना का स्थायी असर पड़ा।

जिला चिकित्सा मंडल ने परीक्षण के बाद उन्हें 32 प्रतिशत स्थायी शारीरिक दिव्यांगता से प्रभावित प्रमाणित किया। इस दिव्यांगता के कारण उनके सामान्य जीवन और कामकाज पर भी असर पड़ा।

3.05 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की थी

दुर्घटना के बाद कारोबारी ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 166 के तहत मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में आवेदन प्रस्तुत कर 3.05 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की थी।

सुनवाई के दौरान अधिकरण ने पुलिस दस्तावेजों, प्राथमिकी, घटनास्थल के नक्शे और गवाहों के बयानों का परीक्षण किया। प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर पिकअप चालक की लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना गया।

इलाज से लेकर भविष्य की आय के नुकसान तक का आकलन

अधिकरण ने मुआवजे की गणना करते समय कारोबारी के उपचार पर हुए खर्च, मुंबई आने-जाने और वहां ठहरने के खर्च, भविष्य में आय की संभावित हानि, शारीरिक पीड़ा और मानसिक आघात सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखा। इन सभी मदों के आधार पर कुल 1,04,22,950 रुपये क्षतिपूर्ति निर्धारित की गई।

80 प्रतिशत राशि खाते में, 20 प्रतिशत रहेगी एफडी

अधिकरण के आदेश के अनुसार, मुआवजे की कुल राशि का 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे कारोबारी के बैंक खाते में जमा किया जाएगा, जबकि शेष 20 प्रतिशत राशि राष्ट्रीयकृत बैंक में दो वर्षों के लिए सावधि जमा (एफडी) के रूप में रखी जाएगी।

बीमा कंपनी श्रीराम जनरल इंश्योरेंस को एक महीने के भीतर मुआवजे की पूरी राशि जमा करनी होगी। इसके अलावा दावा पेश करने की तारीख से भुगतान होने तक 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा। इस फैसले से लंबे समय से मुआवजे की कानूनी लड़ाई लड़ रहे कारोबारी को बड़ी राहत मिली है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!