दिल्ली से लौटे CM विष्णुदेव साय बोले – भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ के उत्पादों की धूम, प्रदेश की कला-संस्कृति को मिल रही वैश्विक पहचान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार शाम दिल्ली प्रवास से रायपुर लौटे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिल रही है। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर मेले में प्रदेश के विभिन्न पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां देश-विदेश से पहुंच रहे लोग स्थानीय उत्पादों में खास रुचि दिखा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की पहचान से जुड़े कोसा वस्त्र, बेल मेटल शिल्प, हथकरघा से निर्मित कपड़े, टेराकोटा सहित विभिन्न पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों और शिल्पकारों को अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मेले में आयोजित सांस्कृतिक संध्या भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ऐसे आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम हैं। स्थानीय उत्पादों के प्रति लोगों का उत्साह और मेले में उनकी भागीदारी छत्तीसगढ़ के लिए उत्साहजनक है।
विश्व बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख, प्रधानमंत्री मोदी को दिया श्रेय
मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच, नीतियों और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
संविधान दिवस के चलते जनदर्शन की तारीख में बदलाव के संकेत
मुख्यमंत्री ने आगामी 26 नवंबर को प्रस्तावित जनदर्शन कार्यक्रम को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस है। ऐसे में जनदर्शन कार्यक्रम की तारीख को आगे बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री निवास की ओर से 26 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनदर्शन आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, मुख्यमंत्री के ताजा बयान के बाद कार्यक्रम की तारीख में बदलाव की संभावना बन गई है। नई तारीख को लेकर अभी अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। इसलिए नागरिकों को जनदर्शन के आयोजन की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा।



