वाराणसी गया था परिवार, पीछे से सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों का माल पार; आरोपी गिरफ्तार

अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र और नकदी चुराई; पुलिस ने 89,495 रुपये समेत चोरी का सामान किया बरामद
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को तेलीबांधा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। परिवार के वाराणसी जाने के दौरान आरोपी ने घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ा और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र और 89 हजार 495 रुपये नकद सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान ने तेलीबांधा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2026 को परिवार सहित वाराणसी जाने के लिए घर में ताला लगाकर निकले थे। 20 नवंबर को लौटने पर घर में चोरी का पता चला। मकान के बाहरी गेट पर ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के भीतर अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी सोने की चेन, चांदी के बेलपत्र, नकदी और अन्य सामान गायब था।
शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में कबूली चोरी, छत पर छिपाया था सामान
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर श्याम सोना (22 वर्ष), निवासी मौलीपारा, शाम बाजार, तेलीबांधा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी का सामान अपने घर की छत पर सीढ़ियों के पास छिपाकर रखा है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नकद और सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर जब्त किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



