मुस्लिम बहुल इंडोनेशिया के बाली में बनी 50 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

126 स्थानीय कारीगरों ने सिंथेटिक रैटन से हाथों से बुनी विशाल प्रतिमा; दुनिया की सबसे ऊंची सपोर्टेड सिंथेटिक रैटन प्रतिमा का मिला खिताब
बाली ( शिखर दर्शन ) // भगवान गणेश के प्रति आस्था और शिल्पकला का अद्भुत संगम इंडोनेशिया के बाली में देखने को मिला है। यहां भगवान गणेश की 50 फीट से अधिक ऊंची विशाल प्रतिमा तैयार की गई है, जिसने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। खास बात यह है कि इस प्रतिमा को पत्थर या धातु से नहीं, बल्कि टिकाऊ सिंथेटिक रैटन यानी कृत्रिम बेंत से बनाया गया है।
प्रतिमा की कुल ऊंचाई 15.315 मीटर यानी लगभग 50 फीट 2 इंच है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे ‘दुनिया की सबसे ऊंची सपोर्टेड सिंथेटिक रैटन प्रतिमा’ के रूप में मान्यता दी है। यह प्रतिमा बाली प्रांत के जियान्यार क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ‘आलस हारुम’ में स्थापित की गई है। इसे बाली की कंपनी अलास हारुम बाली ने तैयार कराया है।
126 कारीगरों ने हाथों से बुनी प्रतिमा
इस विशाल प्रतिमा को तैयार करने में 126 स्थानीय बालिनी कारीगरों ने योगदान दिया। कारीगरों ने सिंथेटिक रैटन को हाथों से बुनकर भगवान गणेश की भव्य आकृति तैयार की। इसकी ऊंचाई और निर्माण की अनूठी तकनीक इसे खास बनाती है।
भारत में इंडोनेशिया के दूतावास ने भी इस प्रतिमा की तस्वीरें और जानकारी साझा की हैं। दूतावास के मुताबिक, बाली में इस विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया है।
सबसे ऊंची गणेश प्रतिमा का रिकॉर्ड नहीं
इस उपलब्धि को लेकर एक महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे दुनिया की सबसे ऊंची गणेश प्रतिमा का खिताब नहीं दिया है। इसका रिकॉर्ड विशेष रूप से सिंथेटिक रैटन से बनी सबसे ऊंची सपोर्टेड प्रतिमा के रूप में दर्ज किया गया है। यानी इसकी पहचान निर्माण सामग्री और तकनीक के आधार पर बनी है।
हिंदू संस्कृति की गहरी छाप वाला बाली
इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम बहुल देश है, लेकिन उसकी सांस्कृतिक विरासत पर हिंदू और बौद्ध परंपराओं का गहरा प्रभाव रहा है। देश का बाली प्रांत विशेष रूप से हिंदू संस्कृति, मंदिरों और धार्मिक परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है।
बाली में स्थित पुरा बेसाकिह को प्रमुख हिंदू मंदिर माना जाता है, जबकि समुद्र तट पर बना तनाह लोट मंदिर भी दुनिया भर के पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। ऐसे सांस्कृतिक परिवेश में भगवान गणेश की इतनी विशाल प्रतिमा का निर्माण आस्था, परंपरा और स्थानीय शिल्पकला का अनूठा उदाहरण बनकर सामने आया है।
गणपति बप्पा की इस भव्य प्रतिमा ने न केवल बाली की कला और कारीगरी को वैश्विक पहचान दिलाई है, बल्कि भारतीय संस्कृति और भगवान गणेश के प्रति श्रद्धा की अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति को भी रेखांकित किया है।



