उत्तरप्रदेश

रामलला के दरबार पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव, बाबा रामदेव भी रहे मौजूद; देवउत्थान एकादशी की दी शुभकामनाएं

अयोध्या ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान शनिवार को अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के समक्ष शीश नवाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान योगगुरु बाबा रामदेव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार के दर्शन कर प्रदेशवासियों और देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीराम के दर्शन के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और भव्य मंदिर के दर्शन का सौभाग्य मिलना उनके लिए अत्यंत आनंद और पुण्य का विषय है। इस पावन धाम में पहुंचकर ऐसा अनुभव होता है कि पूर्व जन्मों के पुण्य प्रताप से ही प्रभु के दर्शन प्राप्त होते हैं।

अयोध्या की आध्यात्मिक महिमा का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू नदी के किनारे बसी अयोध्या नगरी में भगवान श्रीराम की दिव्य उपस्थिति का अनुभव होता है। यहां पहुंचकर मन श्रद्धा और भक्ति से भर जाता है। उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया।

देवउत्थान एकादशी की दी बधाई

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश और देश के नागरिकों को देवउत्थान एकादशी (प्रबोधनी एकादशी) की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पावन पर्व पर सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

अयोध्या पहुंचने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान अनेक जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का रामलला के दर्शन और बाबा रामदेव की मौजूदगी में मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!