Blog

मैट्रिमोनियल एप पर शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, फिर बीमारी का बहाना बनाकर ऐंठे 3 लाख रुपये; आरोपी ने बंद किया मोबाइल

ग्वालियर ( शिखर दर्शन ) // मैट्रिमोनियल एप पर जीवनसाथी की तलाश कर रही युवती को शादी का सपना दिखाकर कथित ठगी और शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पहले शादी का भरोसा दिलाकर युवती को अलग-अलग शहरों के होटलों में बुलाया और उसका शोषण किया। इसके बाद परिवार में बीमारी का बहाना बनाकर उससे करीब 3 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। जब युवती ने शादी करने और अपनी रकम वापस लौटाने का दबाव बनाया तो आरोपी ने संपर्क तोड़ लिया और मोबाइल फोन बंद कर लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मैट्रिमोनियल एप पर हुई थी पहचान

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 1 सितंबर 2026 को एक मैट्रिमोनियल एप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उसकी पहचान मध्यप्रदेश के पिपरिया निवासी संतोष पटेल से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह बातचीत शादी के प्रस्ताव तक पहुंच गई। युवती का आरोप है कि संतोष ने शादी का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीता।

ग्वालियर और भोपाल के होटलों में बुलाया

आरोप के मुताबिक, 10 सितंबर को संतोष ने युवती को ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में मिलने बुलाया। यहां शादी का भरोसा देकर उसका शोषण किया। इसके अगले दिन दोनों भोपाल चले गए, जहां गोविंदपुरा इलाके के एक होटल में 11 से 13 सितंबर तक ठहरे। पीड़िता का आरोप है कि भोपाल में भी आरोपी ने शादी का वादा कर उसका शोषण किया।

भाई की बीमारी का बहाना बनाकर मांगे पैसे

पीड़िता के अनुसार, होटल में ठहरने के दौरान संतोष ने अपने भाई की तबीयत खराब होने की बात कहकर आर्थिक मदद मांगी। इस पर 12 सितंबर को युवती ने फोन-पे के माध्यम से 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपी अलग-अलग जरूरतों और परेशानियों का हवाला देकर लगातार पैसे मांगता रहा। इस तरह उसने युवती से करीब 3 लाख रुपये ऑनलाइन हासिल कर लिए।

शादी और पैसे वापस मांगने पर तोड़ा संपर्क

युवती ने जब संतोष से शादी करने और अपनी रकम वापस लौटाने की बात कही तो आरोपी कथित तौर पर दोनों जिम्मेदारियों से मुकर गया। इसके बाद उसने युवती से बातचीत बंद कर दी और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।

भोपाल से ग्वालियर पहुंचा मामला

पीड़िता ने 12 नवंबर को भोपाल के गोविंदपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वहां जीरो पर एफआईआर दर्ज करने के बाद मामले की केस डायरी ग्वालियर भेजी गई। अब ग्वालियर पुलिस ने आरोपी संतोष पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, कथित ऑनलाइन लेन-देन और युवती की शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!