MPPSC ने जारी किया 2027 का परीक्षा कैलेंडर, सालभर में होंगी 25 परीक्षाएं; दो बार होगी राज्य सेवा परीक्षा

17 अक्टूबर तक परीक्षाएं पूरी करने का लक्ष्य, 31 दिसंबर तक चयन सूची जारी करने की तैयारी; असिस्टेंट प्रोफेसर और फूड सेफ्टी ऑफिसर भर्ती भी शामिल
इंदौर ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके अनुसार आगामी 12 महीनों में आयोग की ओर से कुल 25 परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप वर्ष 2027 में राज्य सेवा परीक्षा दो बार आयोजित होगी। इसके अलावा कैलेंडर में असिस्टेंट प्रोफेसर और फूड सेफ्टी ऑफिसर सहित विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षाओं को भी जगह दी गई है।
दो बार आयोजित होगी राज्य सेवा परीक्षा
जारी परीक्षा कैलेंडर के मुताबिक, वर्ष 2027 की पहली राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी। इसकी मुख्य परीक्षा 10 मई से प्रस्तावित है। वहीं, राज्य सेवा विशेष प्रारंभिक परीक्षा 2 मई को होगी, जबकि इसकी मुख्य परीक्षा अगस्त में आयोजित किए जाने की योजना है। इस तरह अभ्यर्थियों को एक ही वर्ष में राज्य सेवा परीक्षा में शामिल होने के दो अवसर मिलेंगे।
17 अक्टूबर तक परीक्षाएं पूरी करने का लक्ष्य
आयोग ने वर्ष 2027 की सभी प्रस्तावित परीक्षाएं 17 अक्टूबर तक पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके बाद चयन प्रक्रिया को गति देते हुए 31 दिसंबर 2027 तक अधिकांश परीक्षाओं की चयन सूची जारी करने की तैयारी है। इससे अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया और परिणामों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

दिसंबर के अंत से शुरू हो सकती हैं भर्तियां
जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह से नई भर्तियों के लिए रिक्तियों की घोषणा शुरू होने की संभावना है। हालांकि, विभिन्न परीक्षाओं में पदों की वास्तविक संख्या और आरक्षण से जुड़े 87-13 फॉर्मूले को लेकर अभी भी अभ्यर्थियों के बीच असमंजस बना हुआ है। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया की आगे की तस्वीर रिक्तियों और आयोग की विस्तृत अधिसूचनाओं के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अभ्यर्थियों के लिए अहम साल साबित होगा 2027
एक साल में 25 परीक्षाओं और दो राज्य सेवा परीक्षाओं के आयोजन की योजना से मध्यप्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को कई अवसर मिलने की उम्मीद है। अब अभ्यर्थियों की नजरें विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम, भर्ती विज्ञापनों और पदों की संख्या पर टिकी हैं।



