महाराष्ट्र

दादर के बाद अब नागपुर का नाम बदलने की मांग, संजय राउत बोले- ‘दीक्षाभूमि’ किया जाए नाम

दादर मेट्रो स्टेशन का नाम ‘चैत्यभूमि’ करने के फैसले के बीच महाराष्ट्र की सियासत गरमाई, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने भी किया समर्थन

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र में शहरों और सार्वजनिक स्थानों के नामकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। मुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘चैत्यभूमि’ करने के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ऐलान के बीच अब शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने नागपुर का नाम बदलकर ‘दीक्षाभूमि’ करने की मांग उठा दी है। राउत के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।

‘दादर तो सिर्फ एक स्टेशन है, नागपुर का नाम बदलना बड़ी श्रद्धांजलि’

संजय राउत ने कहा कि दादर तो केवल एक मेट्रो स्टेशन है। डॉ. भीमराव आंबेडकर को सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही होगी कि नागपुर का नाम बदलकर ‘दीक्षाभूमि’ कर दिया जाए। उनकी यह मांग ऐसे समय आई है, जब दादर मेट्रो स्टेशन के नामकरण को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक बयानबाजी जारी है।

कांग्रेस नेता ने भी किया समर्थन

राउत की मांग को कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार का भी समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि नागपुर का नाम बदलकर दीक्षाभूमि करने में आखिर क्या परेशानी है? इस समर्थन के बाद नामकरण का मुद्दा और अधिक राजनीतिक चर्चा में आ गया है।

भाजपा ने संजय राउत पर साधा निशाना

वहीं, महाराष्ट्र भाजपा के प्रवक्ता नवनाथ बन ने संजय राउत पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राउत को सबसे पहले दादर मेट्रो स्टेशन का नाम ‘चैत्यभूमि’ करने के फैसले का स्वागत करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राउत न तो चैत्यभूमि जाते हैं और न ही डॉ. आंबेडकर के विचारों का प्रचार करते हैं। ऐसे लोगों को इस मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।

फिलहाल सरकार के सामने कोई आधिकारिक प्रस्ताव नहीं

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दादर मेट्रो स्टेशन का नाम आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ‘चैत्यभूमि’ करने की बात कही है। हालांकि, नागपुर का नाम बदलकर ‘दीक्षाभूमि’ करने को लेकर महाराष्ट्र सरकार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रस्ताव या निर्णय सामने नहीं आया है। ऐसे में संजय राउत की मांग ने राज्य में नामकरण की राजनीति को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!