बांग्लादेश के 28 जिलों में बम धमाकों और आगजनी से दहशत, मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी घर में भी लगाई आग

शेख हसीना की अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के बीच भड़की हिंसा, ढाका में चार लोग घायल; सुरक्षा के लिए सीमा सुरक्षा बल की 97 टुकड़ियां तैनात
ढाका ( शिखर दर्शन ) // बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के बीच हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग की ओर से गुरुवार, 19 नवंबर को बुलाए गए देशव्यापी लॉकडाउन के बीच राजधानी ढाका समेत कई शहरों में देसी बम धमाकों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। पिछले 10 दिनों के दौरान देश के कम से कम 28 जिलों में बम धमाकों और वाहनों में आग लगाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इस बीच चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के पुश्तैनी आवास को भी आग के हवाले कर दिया गया।
यूनुस के चार मंजिला पुश्तैनी मकान में आग
बुधवार रात करीब 11:30 बजे चटगांव के पांचलाइस इलाके में स्थित मुहम्मद यूनुस के चार मंजिला पैतृक मकान के भूतल पर आग लगा दी गई। घटना के समय मकान का संबंधित हिस्सा लंबे समय से खाली पड़ा था। वहां पुराने फर्नीचर और अन्य सामान रखे हुए थे।
पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने आग देखकर तत्काल मौके पर पहुंचकर मकान के देखरेखकर्ता की मदद से आग पर काबू पाया। मकान की दूसरी और तीसरी मंजिल पर यूनुस के दो भाइयों के परिवार रहते हैं। घटना के बाद मकान के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आग लगाने वालों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। हालांकि, आग लगाने के तरीके और इसके पीछे शामिल लोगों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
28 जिलों में बम धमाके और आगजनी
बांग्लादेश में पिछले 10 दिनों से हिंसक घटनाओं का सिलसिला जारी है। पुलिस के मुताबिक, कम से कम 28 जिलों में देसी बम धमाकों और वाहनों को आग लगाने की घटनाएं हुई हैं। राजधानी ढाका में भी कई स्थानों पर देसी बम फोड़े गए। इन घटनाओं में पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों के घायल होने की खबरें हैं।
ढाका में बुधवार को तीन स्थानों पर देसी बम धमाकों की घटनाएं सामने आईं, जिनमें कम से कम चार लोग घायल हुए। इसके अलावा राजनीतिक नेताओं के आवासों और कार्यालयों को भी निशाना बनाया गया। कुछ स्थानों पर वाहनों और प्रतिष्ठानों में आगजनी की गई।
शेख हसीना की पार्टी ने बुलाया देशव्यापी लॉकडाउन
यह घटनाक्रम पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित अवामी लीग की ओर से 19 नवंबर को बुलाए गए देशव्यापी लॉकडाउन के बीच सामने आया है। पार्टी ने शेख हसीना की भारत से प्रस्तावित वापसी और उनसे जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर यह विरोध कार्यक्रम घोषित किया था।
शेख हसीना अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद भारत चली गई थीं। उनकी पार्टी की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा हुआ है। पार्टी के लॉकडाउन के आह्वान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।
सुरक्षा के लिए 97 टुकड़ियां तैनात
हिंसा की आशंका को देखते हुए बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीमा सुरक्षा बल की 97 टुकड़ियां सात जिलों में तैनात की गई हैं। राजधानी ढाका में प्रमुख फ्लाईओवर और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है तथा मोटरसाइकिल सवारों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस बीच ग्रামীण बैंक की कम से कम 37 शाखाओं और कार्यालयों को 10 नवंबर के बाद से आगजनी या आग लगाने के प्रयासों में निशाना बनाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। प्रशासन ने हालात पर नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है।



