Blog

अब 21 क्विंटल की सीमा से मुक्ति, किसानों को प्रति एकड़ 13,893 रुपये मिलेगी आदान सहायता राशि : नारायण चंदेल

कृषक उन्नति योजना में बदलाव की जानकारी, अन्य फसलों की खेती करने वाले किसानों को भी मिलेगा बढ़ा हुआ प्रोत्साहन

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में किसानों को धान बेचने की मात्रा के बजाय अब प्रति एकड़ के आधार पर आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत अब किसानों को प्रति एकड़ 13,893 रुपये की एक समान आदान सहायता राशि दी जाएगी। इससे पहले किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी के आधार पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य और निर्धारित अंतर की राशि का भुगतान किया जाता था। यह जानकारी पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता नारायण चंदेल ने बिलासपुर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी।

नारायण चंदेल ने बताया कि नई व्यवस्था से किसानों को अपनी जरूरत और सुविधानुसार धान बेचने की स्वतंत्रता मिलेगी। किसान यदि अपने पंजीकृत रकबे की तुलना में कम मात्रा में धान बेचते हैं, तब भी उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा। उनके अनुसार, यह निर्णय किसानों की आय बढ़ाने, आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और कृषि के प्रति प्रोत्साहन देने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।

वैकल्पिक फसलों की खेती पर भी बढ़ेगी आर्थिक सहायता

चंदेल ने बताया कि राज्य सरकार कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के अलावा दूसरी फसलों की खेती करने वाले किसानों को भी प्रोत्साहित कर रही है। अन्य फसलों की खेती करने वाले किसानों के लिए प्रति एकड़ सहायता राशि 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये करने का प्रावधान है। इस घटक के तहत अब तक 52 हजार से अधिक किसानों ने 28 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है।

उन्होंने बताया कि दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों की खेती करने वाले किसानों के लिए भी प्रति एकड़ 10 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है। इस श्रेणी में अब तक 4,26,185 किसानों ने दो लाख छह हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र के लिए पंजीयन कराया है।

तीन वर्षों में किसानों को 35,904 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान

पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 से 2025 तक खरीफ फसल के लिए प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया है। उन्होंने इसे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम बताया।

गन्ना किसानों को अब 425 रुपये प्रति क्विंटल

चंदेल ने गन्ना उत्पादक किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने गन्ने का उपार्जन मूल्य 355 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। प्रदेश के चारों शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को शक्कर की रिकवरी के प्रतिशत के अनुसार एमआरपी का भुगतान करने के बाद अंतर की राशि गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में दी गई है। इस व्यवस्था के तहत प्रदेश के किसानों को न्यूनतम 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान सुनिश्चित किया गया है।

उन्होंने दावा किया कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में गन्ना उत्पादक किसानों को सर्वाधिक राशि दी जा रही है। इसी तरह इस वर्ष भी दलहन और तिलहन उत्पादक किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज खरीदकर उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

पत्रकारवार्ता में ये रहे मौजूद

जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष गुलशन ऋषि, जिला महामंत्री सोमेश तिवारी, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!