लकड़ी फोड़ने को लेकर विवाद में खूनी संघर्ष, 17 वर्षीय किशोर की मौत; चार युवक घायल

सरकंडा के अटल आवास डी-ब्लॉक में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस कर रही पूछताछ
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित अटल आवास डी-ब्लॉक में लकड़ी फोड़ने और आग तापने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देर रात हुई मारपीट में 17 वर्षीय किशोर मयंक ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में दूसरे पक्ष के चार युवक भी घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लकड़ी फोड़ने की बात पर शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोक नगर स्थित अटल आवास डी-ब्लॉक में रहने वाले मयंक ध्रुव, पिता श्रवण कुमार ध्रुव का मोहल्ले के कुछ युवकों से आग तापने के लिए लकड़ी फोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें मयंक को गंभीर चोटें आईं।
सिम्स में इलाज के दौरान किशोर की मौत, चार युवक घायल

घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल मयंक ध्रुव को सिम्स ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे पक्ष के गोपाल सोनी सहित चार युवक घायल हुए हैं। इनमें दो युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। मयंक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया है।
मामले में सामने आए पांच युवकों के नाम
घटना से जुड़े मामले में सामने आए नामों में अमर उर्फ सुदामा साहू (22), पिता अरुण साहू और विकास दास मानिकपुरी (23), पिता कमल दास मानिकपुरी, दोनों निवासी अशोक नगर मुरुम खदान शामिल हैं। इनके अलावा गोपाल सोनी (18), पिता वीरेंद्र सोनी और आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी (18), पिता संतोष दास मानिकपुरी के नाम भी सामने आए हैं।

मृतक की पहचान मयंक ध्रुव, पिता श्रवण कुमार ध्रुव, निवासी अशोक नगर बगदाई मंदिर के पास, अटल आवास डी-ब्लॉक के रूप में हुई है।
दोनों पक्षों पर एफआईआर, पुलिस जुटी जांच में
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह, मारपीट में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका और किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लकड़ी फोड़ने जैसी मामूली बात से शुरू हुआ विवाद एक किशोर की जान जाने और चार युवकों के घायल होने तक पहुंच गया। घटना ने एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।



