Blog

मां चंबल की आरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्रिमंडल के साथ की पूजा-अर्चना; गांधीसागर में विकास परियोजनाओं को दी गति

40.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होंगे इको-टूरिज्म के पांच प्रोजेक्ट, पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को बताया ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि; किसानों और उद्यमियों से भी किया संवाद

मंदसौर ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंदसौर के गांधीसागर में मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ मां चंबल की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और भव्य आरती की। दीपों की रोशनी, शंखनाद और चंबल मैया के जयकारों से नदी तट का वातावरण भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री ने मां चंबल से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने चंबल नदी के प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन करने के साथ पर्यटन, ऊर्जा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी विकास परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से मिनी क्रूज के जरिए टेंट सिटी बोट क्लब तक यात्रा की। इस दौरान उन्होंने गांधीसागर जलाशय की मनोहारी जलधारा और आसपास के प्राकृतिक परिवेश को करीब से देखा। मां चंबल की आरती मुख्य पुजारी कैलाश भट्ट और बटुकों सहित 21 पुजारियों ने संपन्न कराई।

चंबल केवल नदी नहीं, मालवा की जीवनरेखा

आरती के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल नदी केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि मालवा की संस्कृति, आस्था और जीवनरेखा है। उन्होंने चंबल और यमुना के पारस्परिक संबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षिप्रा नदी चंबल में मिलती है और चंबल की धारा आगे चलकर यमुना में समाहित होती है। चंबल के बिना यमुना की धारा अधूरी है।

उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों से मंदसौर, नीमच और राजस्थान के धौलपुर के साथ भिंड-मुरैना क्षेत्र को चंबल मैया का आशीर्वाद मिलता रहा है। नदी में घड़ियाल और डॉल्फिन जैसे जलीय जीवों का बसेरा भी है। ऐसे में चंबल के संरक्षण, स्वच्छता और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

गांधीसागर में 40.50 करोड़ के पांच इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के निवेश संवर्धन कार्यक्रम के तहत 40.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाली गांधीसागर इको-टूरिज्म परियोजना के पांच प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि गांधीसागर क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। यहां प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यजीव और जलाशय मिलकर इसे आकर्षक पर्यटन केंद्र बना सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र चीतों, गिद्धों सहित अनेक वन्यजीवों के लिए अनुकूल प्राकृतिक परिवेश उपलब्ध कराता है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।

पंप्ड हाइड्रो परियोजना से 20 गुना अधिक बिजली उत्पादन का दावा

मुख्यमंत्री ने गांधीसागर बांध की जलराशि के बेहतर उपयोग के लिए विकसित की जा रही पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से एक ही जलराशि का बार-बार उपयोग कर बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे बिजली उत्पादन क्षमता में 20 गुना तक वृद्धि की संभावना है और पानी की एक बूंद भी बेकार नहीं जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से मध्यप्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी और अतिरिक्त बिजली अन्य राज्यों को भी उपलब्ध कराई जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने इसे देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बताया।

तीन वर्ष में पूरा हुआ बड़ा काम, बनेगा केस स्टडी

डॉ. यादव ने कहा कि पंप्ड हाइड्रो परियोजना के तहत पहाड़ी क्षेत्र में विशाल जलाशय का निर्माण अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। जिस काम को पूरा होने में सामान्यतः दस वर्ष तक लग सकते थे, उसे सरकार ने तीन वर्ष में पूरा किया है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और अधिकारियों-कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत से यह संभव हुआ है।

मुख्यमंत्री ने गांधीसागर में आयोजित विशेष कैबिनेट बैठक को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि डेस्टिनेशन कैबिनेट के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

‘उपज से उद्यम’ प्रदर्शनी में किसानों और उद्यमियों से संवाद

मुख्यमंत्री ने गांधीसागर में ‘उपज से उद्यम’ प्रदर्शनी का शुभारंभ कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। यहां जिले के किसानों द्वारा अपनाई जा रही नई कृषि तकनीकों, नवाचारों और खाद्यान्न, फलोद्यान एवं मसाला उत्पादों को प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में धनिया, मूंगफली, लहसुन, संतरा और पान क्लस्टर के साथ औषधि एवं दुग्ध उत्पादन से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए। महिला स्व-सहायता समूहों, स्थानीय उद्यमियों और स्वरोजगार की दिशा में काम कर रहे युवाओं के प्रयासों को भी स्थान दिया गया।

मुख्यमंत्री ने किसानों और उद्यमियों से सीधे बातचीत कर उनके उत्पादों की लागत, उत्पादन और बाजार तक पहुंच की जानकारी ली। उन्होंने शासकीय योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों और पर्यटन केंद्रों पर स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था विकसित करने की बात कही।

गांधीसागर में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए धार्मिक आस्था, पर्यटन विकास, ऊर्जा उत्पादन और कृषि आधारित उद्यमिता को एक साथ जोड़ने का प्रयास दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित मंत्रिपरिषद के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रद्धालुओं के साथ चंबल नदी को स्वच्छ रखने, जल का सदुपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प भी साझा किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!