लालखदान-दोमुहानी की जर्जर सड़क से परेशान हजारों विद्यार्थी, कलेक्टर से लगाई गुहार

होलीक्रॉस स्कूल और चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के छात्र-छात्राओं ने खोला मोर्चा, तत्काल मरम्मत और सड़क के नवीनीकरण की मांग; बोले- किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा प्रशासन?
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर और आसपास के क्षेत्रों में बदहाल सड़कों की समस्या अब विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है। लालखदान से दोमुहानी के बीच जर्जर हो चुकी सड़क को लेकर होलीक्रॉस स्कूल और चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के छात्र-छात्राओं ने प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की है। सड़क की बदहाल स्थिति से रोजाना होने वाली परेशानियों और दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए बड़ी संख्या में विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत एवं सड़क के नवीनीकरण की मांग की।
गड्ढों के बीच रोजाना जोखिम भरा सफर
विद्यार्थियों का कहना है कि लालखदान से दोमुहानी के बीच सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने के कारण स्कूल और कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। दोपहिया वाहनों से आवागमन करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह मार्ग विशेष रूप से जोखिम भरा बना हुआ है। सड़क की बदहाली के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, लेकिन लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।
परीक्षा के दिनों में बढ़ जाती है परेशानी
चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के विद्यार्थियों ने ज्ञापन में बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने के कारण सफर में अधिक समय लगता है और कई बार विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में देरी होती है। परीक्षा के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती है। खराब सड़क के चलते समय पर परीक्षा केंद्र या कॉलेज पहुंचने की चिंता विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त मानसिक दबाव का कारण बनती है।
विद्यार्थियों का सवाल- किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों?
छात्र-छात्राओं ने प्रशासन का ध्यान सड़क की बदहाली से जुड़े सुरक्षा पहलू की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि यह समस्या केवल आवागमन में असुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों विद्यार्थियों की जान और सुरक्षा से जुड़ी हुई है। रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के गुजरने वाले इस मार्ग पर यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। विद्यार्थियों ने सवाल उठाया कि आखिर प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई क्यों करेगा?
कलेक्टर से तत्काल निरीक्षण और नवीनीकरण की मांग
विद्यार्थियों ने जिला कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन में संबंधित विभाग को सड़क का तत्काल निरीक्षण कराने तथा बिना देरी मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन में चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के इंजीनियरिंग, फार्मेसी, आयुर्वेद, लॉ, एमबीए, साइंस एवं कॉमर्स संकाय के विद्यार्थियों ने सड़क की समस्या को जनहित और विद्यार्थी सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करेगा। अब निगाहें जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभाग पर टिकी हैं कि लालखदान-दोमुहानी मार्ग की बदहाली दूर करने के लिए कब ठोस कदम उठाए जाते हैं और हजारों विद्यार्थियों को जोखिम भरे सफर से राहत मिलती है।



