मध्यप्रदेश

कैबिनेट बैठक से पहले बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे मध्यप्रदेश के मंत्री, लिया आशीर्वाद

मंदसौर के गांधी सागर डेम क्षेत्र में आज होगी मोहन यादव कैबिनेट की बैठक, मंत्रियों ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश सरकार की प्रस्तावित कैबिनेट बैठक से पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार के मंत्रियों ने धर्मनगरी उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। कैबिनेट मंत्रियों के साथ राज्य मंत्रियों ने भी ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में हाजिरी लगाई और विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

दरअसल, 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधी सागर डेम क्षेत्र में विकसित टेंट सिटी में मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। इस विशेष बैठक से पहले मंत्रियों का उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेना धार्मिक और राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय रहा।

इन मंत्रियों ने किए बाबा महाकाल के दर्शन

मंगलवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर में मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री संपत्तिया उइके, वन एवं पर्यावरण विभाग के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने दर्शन किए।

इस दौरान सभी मंत्रियों ने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से मंदिर पहुंचने पर मंत्रियों का स्वागत एवं सत्कार किया गया।

गांधी सागर की टेंट सिटी में जुटेगी मोहन यादव कैबिनेट

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश सरकार की 18 नवंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक इस बार पारंपरिक सरकारी कार्यालय के बजाय मंदसौर के गांधी सागर डेम क्षेत्र में बनाई गई टेंट सिटी में आयोजित की जा रही है। इस बैठक को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। बैठक में प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और निर्णय लिए जाने की संभावना है। वहीं, इससे पहले मंत्रियों की बाबा महाकाल के दरबार में उपस्थिति ने धार्मिक नगरी उज्जैन में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह का माहौल बनाया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!