मध्यप्रदेश

महाकाल की शाही सवारी का सारथी ‘श्यामू’ बेहतर इलाज के लिए वनतारा रवाना, टीबी और पैरों की बीमारी से जूझ रहा हाथी

नौ वर्षों तक भगवान महाकाल की सवारी में रहा शामिल, 15 सदस्यीय टीम लेकर पहुंची उज्जैन; दो पुराने महावत भी रहेंगे साथ

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // भगवान महाकाल की शाही सवारी में वर्षों तक अपनी मौजूदगी से श्रद्धालुओं की आस्था और आकर्षण का केंद्र रहा हाथी ‘श्यामू’ अब बेहतर उपचार और देखभाल के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा रवाना हो गया है। टीबी की बीमारी और पैरों में गंभीर परेशानी से जूझ रहे श्यामू को विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। उज्जैन से उसकी विदाई के साथ ही उन श्रद्धालुओं और शहरवासियों की भावनाएं भी जुड़ी हैं, जिन्होंने वर्षों तक उसे महाकाल की सवारी का हिस्सा बनते देखा है।

15 सदस्यीय टीम ने संभाली श्यामू को ले जाने की जिम्मेदारी

श्यामू को सुरक्षित वनतारा पहुंचाने के लिए वहां से 15 सदस्यीय रेस्क्यू टीम विशेष वाहनों के साथ उज्जैन पहुंची थी। वन विभाग और पशु चिकित्सकों की निगरानी में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे रवाना किया गया। नए स्थान पर श्यामू को परिचित माहौल और देखभाल मिलती रहे, इसके लिए उसके साथ लंबे समय से सेवा कर रहे दो पुराने महावत हरिनारायण और शिवनारायण को भी भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि दोनों महावत वनतारा में श्यामू की देखभाल की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्हें वहां नौकरी के साथ आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। सूत्रों के अनुसार, दोनों को 30 से 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने की व्यवस्था की गई है।

स्थानीय उपचार से नहीं हुआ अपेक्षित सुधार

श्यामू लंबे समय से पैरों में टेढ़ेपन और टीबी की बीमारी से परेशान था। स्थानीय स्तर पर उपचार कराने के बावजूद उसकी सेहत में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा था। पहले जांच के लिए सैंपल लेने के प्रयास के दौरान हाथी के मालिक सरमन गिरि और उनके परिवार ने विरोध जताया था। हालांकि, बाद में श्यामू की बिगड़ती सेहत को देखते हुए परिवार बेहतर उपचार के लिए उसे वनतारा भेजने पर सहमत हो गया।

एसडीओ वन विभाग विक्रम सिंह सोलंकी के मुताबिक, हाथी के मालिक ने स्वेच्छा से श्यामू को दान करने के लिए लिखित आवेदन दिया था। इसके बाद भोपाल से ट्रांसपोर्ट परमिट और आवश्यक अनुमतियां प्राप्त कर उसे बेहतर उपचार के लिए वनतारा भेजा गया है।

नौ वर्षों तक महाकाल की सवारी में रहा श्यामू

उज्जैन में भगवान महाकाल की सेवा के लिए वर्ष 2006 में रामू हाथी को लाया गया था। इसके बाद वर्ष 2016 से 2025 तक श्यामू ने करीब नौ वर्षों तक भगवान महाकाल की शाही सवारी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान वह श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण और आस्था का विशेष केंद्र बना रहा।

श्यामू केवल एक हाथी नहीं, बल्कि उसके मालिक के परिवार और उज्जैन के लोगों के लिए परिवार के सदस्य जैसा रहा है। अब उसके वनतारा पहुंचने के बाद शहरवासियों को उम्मीद है कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और परिचित महावतों की मौजूदगी में उसकी सेहत में सुधार होगा और उसे आगे का जीवन आराम और सुरक्षा के साथ बिताने का अवसर मिलेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!