मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में 2027 होगा ‘युवा वर्ष’, उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से होगा आगाज

15 से 17 जनवरी तक जुटेंगे 80 विश्वविद्यालयों के 240 युवा प्रतिनिधि, रोजगार और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी होगी चर्चा

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के बाद राज्य सरकार ने वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर जारी कर दिया है। युवा वर्ष की शुरुआत उज्जैन में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से होगी। 15 से 17 जनवरी 2027 तक आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के 80 विश्वविद्यालयों के लगभग 240 युवा प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, एक चेतना’ होगी सम्मेलन की थीम

उच्च शिक्षा विभाग ने सम्मेलन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 जनवरी को प्रतिभागी विद्यार्थियों का आगमन और पंजीयन होगा। सम्मेलन की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, एक चेतना : वैश्विक कल्याण’ रखी गई है। इसके तहत वैश्विक कल्याण, स्वास्थ्य, चेतना और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

रोजगार, तकनीक और उच्च शिक्षा पर रहेगा फोकस

युवा वर्ष के आयोजन केवल सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेंगे। सरकार का जोर युवाओं के भविष्य, उनकी चुनौतियों और रोजगार से जुड़े सवालों पर भी रहेगा। कार्यक्रमों में तकनीक, उच्च शिक्षा, विद्यार्थियों की समस्याओं, प्लेसमेंट और रोजगार के अवसरों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार और भविष्य की संभावनाओं से जोड़ना है।

15 दिसंबर तक पूरी होगी प्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया

अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सहभागिता के लिए प्रत्येक विश्वविद्यालय से तीन विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इस तरह कुल 80 विश्वविद्यालयों से 240 युवा प्रतिनिधि शामिल होंगे। चयन के लिए राज्य स्तरीय मूल्यांकन और अंतिम प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

मध्यप्रदेश सरकार की इस पहल के जरिए वर्ष 2027 को युवाओं की प्रतिभा, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार की संभावनाओं को समर्पित करने की तैयारी है। उज्जैन से होने वाला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन इसी दिशा में युवा वर्ष का पहला बड़ा आयोजन होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!