अन्तर्राष्ट्रीय

शेख हसीना की संभावित वापसी की चर्चाओं के बीच बांग्लादेश में तनाव, ढाका एयरपोर्ट के पास दो बम धमाके; 3 घायल

ढाका // बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राजनीतिक तनाव और सुरक्षा चुनौतियां बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार रात राजधानी ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो देसी बम धमाके हुए, जिनमें तीन राहगीर घायल हो गए। घटना के बाद एयरपोर्ट सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

एयरपोर्ट के बाहरी गेट और फ्लाईओवर के पास धमाके

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहला विस्फोट एयरपोर्ट के बाहरी गेट के पास हुआ, जबकि दूसरा धमाका जसीमुद्दीन इलाके में फ्लाईओवर के नजदीक हुआ। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने फ्लाईओवर से बम फेंके थे। एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी कमरुल इस्लाम तालुकदार के अनुसार, तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, इन धमाकों का शेख हसीना की संभावित वापसी से कोई सीधा संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है।

गोपालगंज में 2,000 पुलिसकर्मी तैनात, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में हिंसा और आगजनी की घटनाओं के मद्देनजर करीब 2,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 10 टुकड़ियां और स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन के जवान भी लगाए गए हैं।

पुलिस ने ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के प्रभाव वाले अन्य जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके साथ ही देश के सभी 64 जिलों में खुफिया निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

नए पासपोर्ट और पहचान पत्र के लिए आवेदन की खबर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शेख हसीना ने पिछले सप्ताह नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (नेशनल आइडेंटिटी कार्ड) के लिए आवेदन किया था। बताया गया है कि उन्होंने अपने वकील के माध्यम से नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन को ईमेल भेजकर इस प्रक्रिया को शुरू करने का अनुरोध किया था।

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता गंवाने के पश्चात शेख हसीना भारत आ गई थीं। वह करीब 15 वर्षों तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं। उनके खिलाफ मानवाधिकार उल्लंघन और छात्र आंदोलन के दौरान हिंसक कार्रवाई से जुड़े मामले चल रहे हैं। एक विशेष ट्रिब्यूनल ने उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मृत्युदंड भी सुनाया है।

भारत से प्रत्यर्पण की मांग, मजदूरों का प्रदर्शन भी जारी

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर चुकी है। भारत ने इस अनुरोध की प्राप्ति की पुष्टि की है, हालांकि प्रत्यर्पण को लेकर अंतिम निर्णय सार्वजनिक नहीं हुआ है।

इस बीच राजधानी ढाका के मीरपुर इलाके में कपड़ा उद्योग के कर्मचारियों ने न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाकर 30 हजार टका करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। राजनीतिक अनिश्चितता, बम धमाकों और मजदूरों के आंदोलनों के बीच बांग्लादेश में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!