चोरी की बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहे थे दो युवक, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; एचएफ डीलक्स बरामद

रायगढ़ ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में खरसिया पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई है।
घर के सामने से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल
पुलिस के मुताबिक, खरसिया के रायगढ़ रोड स्थित एमजी कॉलेज के सामने रहने वाले लक्ष्मी नारायण साहू (44) घर के सामने सब्जी की दुकान लगाते हैं। उन्होंने 24 अक्टूबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 UC 5424 घर के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति बाइक चोरी कर ले गया। शिकायत पर चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 553/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने चोरी की बाइक की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम घघरा के दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर एचएफ डीलक्स बाइक क्रमांक CG 13 UC 5424 बरामद कर ली।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेश कुमार उर्फ गीतेश निषाद (22), पिता कृष्ण कुमार निषाद और आदित्य चौबे (21), पिता रोशन चौबे, दोनों निवासी ग्राम घघरा, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चन्द्रा, गोविंद बनर्जी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।



