व्यापार विहार और विद्यानगर में एक साथ पहुंची टीमें, छह गाड़ियों में आए 15 से अधिक अधिकारी; दस्तावेजों, बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड की हो रही जांच

बिलासपुर से रायगढ़ तक आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, इस्पात कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के ठिकानों पर छापेमारी
बिलासपुर / रायगढ़ ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर और रायगढ़ में एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। बिलासपुर संभाग के प्रमुख इस्पात कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के निवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी शुरू की है। सुबह सूरज निकलने से पहले शुरू हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई है।
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने बिलासपुर के विद्यानगर स्थित कारोबारी के निवास प्रकाश कुंज और व्यापार विहार स्थित उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर एक साथ कार्रवाई की। मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट और हनुमान हार्डवेयर सहित अन्य कारोबारी ठिकानों पर अधिकारियों की टीम जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि छह गाड़ियों में पहुंची आयकर विभाग की टीम में 15 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
कारोबारी नेटवर्क के कई ठिकाने जांच के दायरे में
जयप्रकाश मित्तल का इस्पात कारोबार बिलासपुर संभाग में बड़े कारोबारी नेटवर्क के रूप में जाना जाता है। शहर में उनके विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के अलावा बिल्हा क्षेत्र के मोहड़ा में बड़ी औद्योगिक इकाई संचालित होने की जानकारी है। रायगढ़ की एक इस्पात कंपनी से भी उनके कारोबारी संबंध बताए जा रहे हैं। इसी कारोबारी नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर रायगढ़ में भी आयकर विभाग की कार्रवाई की सूचना सामने आई है।
टैक्स चोरी से लेकर बेनामी संपत्ति तक की आशंका
सूत्रों के हवाले से कारोबारी गतिविधियों में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े इनपुट मिलने की बात कही जा रही है। जांच के दायरे में संभावित टैक्स चोरी, अघोषित नकदी, बेनामी संपत्ति, फर्जी बिलिंग, बोगस कंपनियों के माध्यम से लेन-देन और कच्ची पर्चियों पर कारोबार किए जाने जैसी आशंकाएं बताई जा रही हैं। बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन की भी पड़ताल किए जाने की जानकारी है।
दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही टीमें
फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारी संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों, कारोबारी हिसाब-किताब, बैंकिंग लेन-देन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। कारोबारी गतिविधियों से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखा गया है।
हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच में किन वित्तीय अनियमितताओं के प्रमाण मिलते हैं और कार्रवाई का दायरा कितना व्यापक है, यह विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



