बिलासपुर को मिली प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग की सौगात, सीएम विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर के व्यस्त पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को पुराना बस स्टैंड में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 12.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इससे शहर के व्यस्त व्यावसायिक इलाके में पार्किंग की सुविधा बेहतर होने के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
पांच मंजिला पार्किंग में एक साथ खड़ी होंगी 80 कारें
भूतल सहित पांच तल वाले इस पार्किंग भवन में वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए आधुनिक व्यवस्था विकसित की गई है। भूतल पर वाहनों के प्रवेश, निकास और संचालन को नियंत्रित करने की सुविधा है, जबकि प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इस तरह कुल 80 चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

शहर में लगातार बढ़ते वाहनों और सीमित उपलब्ध भूमि को देखते हुए इस परियोजना को आधुनिक शहरी परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पुराना बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
शटल तकनीक से अपने आप पार्क होगी कार
इस पार्किंग की सबसे खास विशेषता इसकी स्वचालित शटल तकनीक है। इसमें वाहन चालक को भूतल पर निर्धारित प्रवेश बे में अपनी कार खड़ी कर बाहर निकलना होगा। इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली कार को एलिवेटर के माध्यम से निर्धारित पार्किंग तल तक पहुंचाएगी। वहां शटल रोबो उपकरण कार को खाली पार्किंग स्लॉट में व्यवस्थित रूप से खड़ा कर देगा।

इसी तरह जब वाहन मालिक को अपनी कार वापस चाहिए होगी, तो अनुरोध करने पर स्वचालित प्रणाली कार को पार्किंग स्लॉट से निकालकर भूतल स्थित निकास बे तक पहुंचा देगी। यानी वाहन चालक को स्वयं ऊपरी मंजिलों पर जाकर पार्किंग की जगह तलाशने या कार ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सुरक्षा के साथ प्रति घंटे 60 वाहनों के संचालन की क्षमता
परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश बे और दो निकास बे बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित नियंत्रण और निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। परियोजना के डिजाइन के अनुसार इस पार्किंग प्रणाली की वाहन संचालन क्षमता लगभग 60 वाहन प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
इस सुविधा से पुराना बस स्टैंड और आसपास के बाजारों में आने वाले नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक पार्किंग उपलब्ध होगी। साथ ही सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों की संख्या घटने, यातायात का दबाव कम होने और शहर की परिवहन अधोसंरचना को आधुनिक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

लोकार्पण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला एवं धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



