रायपुर संभाग

महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध, दीवार फांदकर चार कैदी फरार; कंबलों से बनाई रस्सी

महासमुंद ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चार कैदी फरार हो गए। सोमवार सुबह करीब 4 बजे कैदियों ने जेल की ऊंची दीवार फांदकर भागने में सफलता हासिल कर ली। फरार कैदियों में तीन एनडीपीएस एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी के मामले में जेल में बंद था। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है। कैदियों के फरार होने की खबर से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, फरार होने वाले कैदियों की पहचान धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र के रूप में हुई है, जो नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी हैं। वहीं चौथा फरार कैदी पंचराम चोरी के आरोप में जेल में बंद था।

पांच कैदियों ने बनाई थी भागने की योजना, एक असफल होकर पकड़ा गया

बताया जा रहा है कि जेल से भागने की योजना कुल पांच कैदियों ने बनाई थी। इसके लिए उन्होंने जेल में उपलब्ध कंबलों का इस्तेमाल कर रस्सीनुमा व्यवस्था तैयार की और दीवार फांदने की कोशिश की। इनमें से चार कैदी दीवार पार कर फरार होने में कामयाब रहे, जबकि पांचवां कैदी दीवार फांदते समय नीचे गिर गया। उसे जेल प्रशासन ने मौके पर ही पकड़ लिया।

2021 में भी पांच कैदी दीवार फांदकर हुए थे फरार

महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी पांच कैदी दिनदहाड़े जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। फरार कैदियों में एक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के रहने वाले थे। उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मुख्य प्रहरी सहित चार प्रहरियों को निलंबित कर दिया था।

लगातार दूसरी बड़ी फरारी की घटना ने महासमुंद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने फरार चारों कैदियों को जल्द पकड़ने की चुनौती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!