ज्योतिषी

5 दिसंबर से खरमास के चलते एक माह तक शादियों पर विराम, 18 जनवरी 2027 से फिर गूंजेंगी शहनाइयां

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // चार महीने के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर शादी-विवाह के मांगलिक आयोजनों की रौनक लौटने जा रही है। देवउठनी एकादशी के अवसर पर 20 नवंबर 2026 से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे। इसके साथ ही विवाह समारोहों की तैयारियां तेज हो जाएंगी। हालांकि, इस बार शादी-विवाह के लिए शुभ तिथियों की उपलब्धता सीमित रहेगी। 20 नवंबर से 12 दिसंबर तक कुल 23 दिनों की अवधि में केवल 16 दिन ही विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। इसके बाद 15 दिसंबर से खरमास शुरू होने के कारण करीब एक महीने तक शहनाइयों की गूंज थम जाएगी।

ज्योतिषीय गणना के अनुसार, खरमास 15 दिसंबर 2026 से शुरू होकर 14 जनवरी 2027 तक रहेगा। इस अवधि में विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाएंगे। नए साल में 18 जनवरी 2027 से एक बार फिर विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होंगे। खास बात यह है कि वर्ष 2027 विवाह के लिहाज से बेहद खास रहने वाला है। ज्योतिषीय गणना के मुताबिक, पूरे साल में करीब 96 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त उपलब्ध रहने का अनुमान है। इसे पिछले 26 वर्षों में सर्वाधिक बताया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2019 में 94 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त रहे थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या महज 59 दिनों तक सीमित रही।

फरवरी 2027 में सबसे ज्यादा 17 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त

वर्ष 2026 में शुक्र तारा अस्त रहने के कारण जनवरी में विवाह का एक भी शुभ मुहूर्त उपलब्ध नहीं था। इसी वजह से इस साल विवाह समारोहों का सिलसिला 5 फरवरी से शुरू हुआ। इसके विपरीत वर्ष 2027 में ऐसी स्थिति नहीं रहने से विवाह के अधिक अवसर मिलेंगे। फरवरी महीने में सबसे ज्यादा 17 दिन विवाह के शुभ मुहूर्त निर्धारित किए गए हैं।

जनवरी 2027 में 18, 19, 20, 24, 26, 27, 28, 29 और 31 तारीख को विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। फरवरी में 2, 3, 9, 10, 11, 14, 15, 16 तथा 20 से 28 फरवरी तक विवाह के लिए शुभ तिथियां उपलब्ध रहेंगी।

मार्च से जुलाई तक भी मिलेंगे विवाह के कई शुभ अवसर

विवाह के शुभ मुहूर्तों का सिलसिला मार्च से जुलाई तक जारी रहेगा। मार्च में 1 से 4, 9, 10, 11 और 14 तारीख को विवाह के योग बनेंगे। अप्रैल में 16, 18, 19, 21, 23 तथा 25 से 28 अप्रैल तक शुभ तिथियां रहेंगी। मई और जून में भी विवाह के लिए कई अवसर उपलब्ध होंगे।

जुलाई में 1, 2, 7, 9, 10, 11 और 12 तारीख को विवाह के शुभ मुहूर्त रहेंगे। इसके बाद 14 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास शुरू हो जाएगा। इस दौरान विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। चातुर्मास समाप्त होने के बाद 20 नवंबर 2027 से एक बार फिर विवाह समारोहों का दौर शुरू हो सकेगा।

गुरु-शुक्र के अस्त होने से प्रभावित होते रहे विवाह मुहूर्त

महात्मा प्रसाद तिवारी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में गुरु और शुक्र के अस्त रहने के कारण वर्ष के शुरुआती और अंतिम महीनों में विवाह के शुभ मुहूर्त प्रभावित होते रहे हैं। इस बार ऐसी स्थिति नहीं होने के कारण वर्ष 2027 में विवाह के अधिक शुभ अवसर उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी से विवाह के मुहूर्त प्रारंभ होंगे और 12 दिसंबर अंतिम विवाह मुहूर्त रहेगा।

इन विशेष तिथियों पर भी होंगे मांगलिक आयोजन

वर्ष 2027 में कुछ विशेष पर्व और तिथियां भी विवाह आयोजनों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगी। इनमें वसंत पंचमी 11 फरवरी, अक्षय तृतीया एवं परशुराम जयंती 9 मई, भड़ली नवमी 12 जुलाई और विवाह पंचमी 3 दिसंबर शामिल हैं। इन विशेष अवसरों पर बड़ी संख्या में विवाह समारोह आयोजित होने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!