सरकारी कर्मचारियों को कंप्यूटर, एआई और साइबर सुरक्षा का मिलेगा प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // सरकारी कामकाज को तकनीक के अनुरूप आधुनिक बनाने और कर्मचारियों को डिजिटल रूप से दक्ष करने की दिशा में बिलासपुर में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जिला कार्यालय परिसर में शासकीय कर्मचारियों के लिए स्थापित आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। भारतीय स्टेट बैंक के बिलासपुर अंचल द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत स्थापित इस केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर संचालन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे सरकारी कामकाज की कार्यक्षमता बढ़ाने और आम नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सुशासन में तकनीक की भूमिका महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री
शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन को साकार करने में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। वर्तमान समय में शासकीय कर्मचारियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना आवश्यक है। कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग सरकारी कामकाज को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बना सकता है।
उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ शासकीय अभिलेखों और नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। यह प्रशिक्षण केंद्र कर्मचारियों के कौशल विकास के साथ शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने में उपयोगी साबित होगा। मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए भारतीय स्टेट बैंक की सराहना भी की।
एआई से लेकर साइबर सुरक्षा तक मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण केंद्र में कर्मचारियों को कंप्यूटर के प्रभावी उपयोग, डिजिटल कार्यप्रणाली और कार्यालयीन कामकाज में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता से परिचित कराया जाएगा। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अंतर्गत फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक की पहचान, सुरक्षित पासवर्ड बनाने, डेटा की गोपनीयता बनाए रखने और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने की जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन के सहयोग और मार्गदर्शन में संचालित यह केंद्र ई-गवर्नेंस को मजबूत करने तथा तकनीकी रूप से दक्ष प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने में सहायक होगा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
भारतीय स्टेट बैंक की ओर से मुख्य महाप्रबंधक आलोक रंजन, क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक शेखर प्रेम और एसबीआई कलेक्ट्रेट शाखा के प्रबंधक राजा शिन्दे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



