तिफरा में बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, स्कूटी और ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, तीन लोग घायल

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // न्यायधानी बिलासपुर में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तिफरा स्थित काली मंदिर के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में सवार तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में स्कूटी सवार को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि ई-रिक्शा चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति का इलाज सिम्स में जारी है।
स्कूटी को बचाने के प्रयास में बेकाबू हुई स्कॉर्पियो
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। स्कॉर्पियो क्रमांक MH 32 AX 2794 का चालक शुभम सिंगरौल निवासी पथरिया, मरही माता मंदिर दर्शन के लिए निकला था। इसी दौरान तिफरा स्थित काली मंदिर के पास तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए वह सामने से आ रही स्कूटी और ई-रिक्शा की चपेट में आ गया।
स्कॉर्पियो चालक शुभम के अनुसार, तिरंगा चौक के पास दीनदयाल की ओर से अचानक एक स्कूटी सामने आ गई। उसे बचाने की कोशिश में वाहन से नियंत्रण छूट गया और स्कॉर्पियो ने सामने चल रहे स्कूटी सवार तथा ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्कूटी सवार को गंभीर चोटें, अपोलो अस्पताल रेफर
हादसे में स्कूटी चला रहे रमेश तेलवानी (48 वर्ष) को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, ई-रिक्शा चालक विनोद कुमार सूर्यवंशी और उसमें सवार फल व्यापारी राजकुमार भी दुर्घटना में घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाकर चालक ने दिखाई तत्परता
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक शुभम सिंगरौल ने मानवीयता दिखाते हुए तीनों घायलों को अपने ही वाहन से सिम्स अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर सिटी कोतवाली थाने में खड़ा करा दिया है।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों, वाहनों की रफ्तार और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद तिफरा क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।



