छठ महापर्व पर आस्था का सैलाब, 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य

बलौदाबाजार ( शिखर दर्शन ) // लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर छत्तीसगढ़ में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। 36 घंटे का निर्जला व्रत कर रही व्रती महिलाएं आज शाम नदी और तालाब घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगी। छठ पूजा को लेकर घाटों पर विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए आयोजन स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।
राजधानी रायपुर के महादेव घाट से लेकर बलौदाबाजार के पिपरहा तालाब तक छठ पूजा की रौनक दिखाई दे रही है। पिपरहा तालाब में व्रती महिलाएं अपने परिवार के सदस्यों के साथ पहुंच रही हैं। इस बार नगर पालिका द्वारा तालाब में नए घाट का निर्माण कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सुविधा मिल रही है।
संतान की सुख-समृद्धि और परिवार के आरोग्य के लिए कठिन तपस्या
व्रती महिलाओं ने बताया कि छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके बाद खरना किया जाता है और फिर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। व्रत के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाता है, जबकि अगले दिन सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ व्रत का पारण किया जाता है।

यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना के लिए पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। व्रती महिलाएं कठिन नियमों का पालन करते हुए सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना करती हैं।
तपकरा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी करेंगे सूर्योपासना
छठ महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के तपकरा पहुंचे हैं। यहां वे उतियाल नदी स्थित छठ घाट पर पहुंचकर सूर्यदेव की उपासना करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना से घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
पूरे प्रदेश में छठ पूजा को लेकर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद अगले दिन उगते सूर्य की उपासना के साथ अपने कठिन निर्जला व्रत का समापन करेंगी।



