रायपुर संभाग

रविवार को घूमने जाने का बना रहे हैं प्लान ? घर से निकलने से पहले जान लें छत्तीसगढ़ के मौसम का हाल

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // अगर आप रविवार को परिवार या दोस्तों के साथ घूमने-फिरने का प्लान बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले मौसम का हाल जरूर जान लें। छत्तीसगढ़ में अब सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। हालांकि दिन में धूप के कारण तापमान अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है। दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती तूफान विकसित होने की संभावना जताई गई है, लेकिन फिलहाल इसका प्रदेश के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल कहीं भी बारिश होने के आसार नहीं हैं। ऐसे में रविवार को घूमने-फिरने की योजना बनाने वालों के लिए मौसम अनुकूल रह सकता है।

दुर्ग सबसे गर्म, अंबिकापुर में सबसे ज्यादा ठंड

प्रदेश में तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो दुर्ग सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में रात के समय ठंड का प्रभाव बढ़ने लगा है। सुबह और देर रात घर से निकलने वालों को हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो सकती है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

राजधानी रायपुर में रविवार को मौसम सुहाना रहने का अनुमान है। शाम के समय हल्की ठंड के साथ आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। ऐसे में शाम के समय परिवार के साथ बाहर घूमने या खुले स्थानों पर समय बिताने का आनंद लिया जा सकता है।

बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा चक्रवाती तूफान

इधर बंगाल की खाड़ी में मौसम का एक नया सिस्टम सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना स्पष्ट रूप से चिन्हित निम्न दबाव का क्षेत्र 14 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे भी उसी क्षेत्र में सक्रिय था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 16 नवंबर की शाम के आसपास यह सिस्टम दक्षिण और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। हालांकि फिलहाल छत्तीसगढ़ में इसका सीधा प्रभाव पड़ने के संकेत नहीं हैं और प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!