स्टेशन पर बदमाशों की गुंडागर्दी से दहशत में आया दंपत्ति, दो मासूम बेटियों के साथ चलती ट्रेन से लगाई छलांग, एक बच्ची बोगी में छूटी

दमोह ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में रेल यात्रा के दौरान दहशत और अफरातफरी का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। गुना रेलवे स्टेशन पर कथित तौर पर कुछ बदमाशों की मारपीट से भयभीत एक दंपत्ति ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ चलती दयोदय एक्सप्रेस से छलांग लगा दी। इस हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी एक दो वर्षीय बेटी ट्रेन की जनरल बोगी में ही छूट गई। गनीमत रही कि कटनी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बच्ची को सुरक्षित उतार लिया।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6 बजे दमोह-कटनी रेलखंड पर बांदकपुर रेलवे स्टेशन के पास यह घटना हुई। गुना जिले के आरोन निवासी भगीरथ आदिवासी (29) और उनकी पत्नी सविता आदिवासी (22) अपनी दो बेटियों के साथ यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान चलती दयोदय एक्सप्रेस से उनके कूदने की सूचना मिली। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
गुना स्टेशन पर बदमाशों ने की कथित मारपीट
अस्पताल में उपचार करा रही सविता ने बताया कि वह अपने पति और दोनों बेटियों के साथ मायके अशोकनगर से गुना पहुंची थीं। वहां से उन्हें अपने घर आरोन जाना था। इसी दौरान गुना रेलवे स्टेशन पर कुछ अज्ञात युवकों ने उनके साथ विवाद शुरू कर दिया और कथित तौर पर मारपीट करने लगे।
परिवार ने खुद को बचाने के लिए जल्दबाजी में प्लेटफार्म पर खड़ी ट्रेन में सवार होने का फैसला किया। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि ट्रेन किस दिशा में जा रही है। ट्रेन रवाना होने के बाद जब उन्हें पता चला कि वह दमोह की ओर जा रही है, तब उन्हें एहसास हुआ कि जिन युवकों से उनका विवाद हुआ था, वे भी उसी ट्रेन में मौजूद हैं।
सविता के मुताबिक, बदमाशों के दोबारा हमला करने की आशंका से पूरा परिवार बुरी तरह घबरा गया। उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस होने लगा। इसी दहशत में पति-पत्नी ने अपनी एक बेटी को साथ लेकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस अफरातफरी में उनकी दूसरी बेटी ऋतु ट्रेन की जनरल बोगी में ही रह गई।
कटनी में आरपीएफ ने सुरक्षित उतारी मासूम
माता-पिता के ट्रेन से कूदने के बाद मामले की जानकारी दमोह आरपीएफ को मिली। इसके बाद तत्काल कटनी आरपीएफ को सूचना दी गई कि दयोदय एक्सप्रेस की जनरल बोगी में एक छोटी बच्ची अकेली है और उसके माता-पिता ट्रेन से कूद गए हैं।
सूचना मिलते ही कटनी आरपीएफ सक्रिय हुई और सुबह करीब 8:30 बजे कटनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर बच्ची को सुरक्षित उतार लिया गया। आरपीएफ के प्रधान आरक्षक पूनम भंडारी और कृष्ण स्नेही पांडे बच्ची को सुरक्षित लेकर दमोह पहुंचे।
फिलहाल बाल कल्याण समिति के माध्यम से बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द करने की आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एक तरफ अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे माता-पिता हैं, तो दूसरी तरफ अपनी मां-बाप से बिछड़ी मासूम बच्ची के सुरक्षित मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई।



