मध्यप्रदेश

पिकनिक के दौरान खूनी खेल, शराब के नशे में नाती ने पीट-पीटकर कर दी रिश्ते के नाना की हत्या

बिछली नदी किनारे मुर्गा पार्टी के बाद शुरू हुआ विवाद, जमीन पर पटक-पटककर की पिटाई; वारदात के बाद आरोपी फरार

शहडोल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में पिकनिक मनाने के दौरान शराब के नशे में हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। नदी किनारे मुर्गा पार्टी और शराब के सेवन के बाद दो रिश्तेदारों के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने अपने ही रिश्ते के नाना की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर मारपीट में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम रतगा स्थित बिछली नदी की है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी मुकेश पाव (23) अपने रिश्ते के नाती भोलू पाव (23) के साथ पिकनिक मनाने नदी किनारे गया था। दोनों ने वहां मुर्गा बनाया, साथ बैठकर खाना खाया और शराब का सेवन किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान भोलू पाव ने मुकेश को जमीन पर पटक-पटककर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि मुकेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हत्या के बाद मौके से फरार हुआ आरोपी

मारपीट के बाद जब आरोपी को मुकेश की मौत का एहसास हुआ तो वह घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र भगत ने बताया कि रिश्ते के नाना और नाती पिकनिक मनाने बिछली नदी गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मारपीट में नाना की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी भोलू पाव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!