मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश के 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे, 18 नवंबर से बारिश के आसार; बढ़ेगी ठंड

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में नवंबर के दूसरे पखवाड़े के साथ ही ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हालात यह हैं कि राज्य के करीब 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान कटनी जिले के करौंदी में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं खरगोन 34 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। खास बात यह है कि राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी न्यूनतम तापमान कुछ मैदानी शहरों से अधिक दर्ज किया गया।

इंदौर में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड

राजधानी भोपाल और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी में पारा 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा छिंदवाड़ा में 12.2 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) में 12.3 डिग्री और अमरकंटक (अनूपपुर) में 12.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान, 20-21 नवंबर को बारिश के आसार

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र अब चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह सिस्टम 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 20 और 21 नवंबर को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मौसम में बदलाव के साथ ठंड का असर भी बढ़ सकता है।

फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क, कोई चेतावनी नहीं

मौसम विभाग के 16 नवंबर के पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों में फिलहाल किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। 18 नवंबर तक भी प्रदेश के लिए कोई चेतावनी नहीं है। ऐसे में फिलहाल लोगों को सुबह और रात की ठंड के बीच दिन में सामान्य मौसम रहने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!