बिलासपुर संभाग

जुआरियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, मारपीट कर 4470 रुपये लूटे; नाबालिग समेत 8 आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली ( शिखर दर्शन ) // गांव में जुआ खेलने वालों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पकड़े गए जुआरियों को छुड़ाने के लिए एकजुट हुए ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस दौरान आरोपियों पर पुलिसकर्मियों के पास रखे कुल 4470 रुपये लूटकर फरार होने का भी आरोप है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 2500 रुपये बरामद किए गए हैं।

जुआ पकड़ने पहुंची थी पुलिस टीम, ग्रामीणों ने किया हमला

मामला फास्टरपुर-सतगांव थाना क्षेत्र के ग्राम शुक्लाभाठा का है। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दीपावली के दौरान जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन बाज अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 नवंबर 2026 की रात करीब 8:53 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम गांव में जुआ पकड़ने पहुंची थी।

पुलिस ने मौके पर ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे शैलेन्द्र गबेल, प्यारे लाल साहू, गोविंद, राजेश साहू और एक नाबालिग को पकड़ा था। पुलिस इन जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी, तभी प्रमोद साहू, उमेश गबेल, खोमप्रसाद गबेल और शिवप्रसाद सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

जुआरियों को छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों से मारपीट, रुपये भी छीने

आरोप है कि सभी ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और पकड़े गए जुआरियों को छुड़ाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस द्वारा जब्त की गई जुआ राशि के साथ ही पुलिसकर्मियों के पास रखे रुपये भी छीन लिए गए। घटना में कुल 4470 रुपये लूटे जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।

मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी

मामले की जांच के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में शैलेन्द्र उर्फ मच्छु, प्यारे लाल, गोविंद, उमेश उर्फ चक्कुकुमार, खोमप्रसाद, शिवप्रसाद, कमलेश कुमार और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी ग्राम शुक्लाभाठा के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर 17 नवंबर को गिरफ्तार किया। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!