त्रिपुण्ड, चंद्र और फूलों की मालाओं से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में दिव्य स्वरूप के हुए दर्शन

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार, 18 नवंबर को कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर तड़के भगवान महाकाल की भव्य भस्म आरती संपन्न हुई। सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही पुजारियों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन शुरू किया। इस अवसर पर बाबा महाकाल का आकर्षक श्रृंगार किया गया। ललाट पर त्रिपुण्ड और चंद्र सुशोभित रहे, वहीं सुगंधित पुष्पों और फूलों की मालाओं से भगवान का दिव्य अलंकरण किया गया।
पंचामृत अभिषेक के बाद हुआ मनमोहक श्रृंगार
मंदिर के पट खुलने के बाद गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया गया। इसके पश्चात भगवान महाकाल का जलाभिषेक हुआ। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से तैयार पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद भगवान को भांग, चंदन और आभूषणों से सजाया गया।
भस्म अर्पण के बाद निराकार से साकार रूप में दर्शन
भस्म आरती की परंपरा के अनुसार भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान किया गया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढंककर विधि-विधान से भस्म अर्पित की गई।
इसके बाद भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। आभूषणों और पुष्पों से सजे बाबा महाकाल का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं।
नंदी महाराज के कान में भक्तों ने मांगी मनोकामना
बुधवार सुबह आयोजित भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर उनके पूर्ण होने की प्रार्थना की।



