आज साय कैबिनेट की अहम बैठक, डॉक्टरों से मिलेंगे स्वास्थ्य मंत्री; कर्मचारियों की आक्रोश रैली सहित कई बड़े कार्यक्रम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में बुधवार का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और कर्मचारी संगठनों की गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रिपरिषद की अहम बैठक होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन समारोह में शामिल होंगे। वहीं, डीएमएफ घोटाले में पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टूटेजा की अग्रिम जमानत याचिका पर बिलासपुर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। दूसरी ओर, अपनी मांगों को लेकर डॉक्टर स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करेंगे, जबकि कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन प्रदेशव्यापी आक्रोश रैली निकालेगा।
साय कैबिनेट की अहम बैठक आज
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री निवास में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित होगी। बैठक में आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में चल रही धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा भी की जा सकती है। बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श होने की उम्मीद है।
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री का दोपहर 12 से 12:30 बजे तक का समय आरक्षित रहेगा। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक वे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल होंगे।
अनिल टूटेजा की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई
डीएमएफ घोटाला मामले में पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टूटेजा की अग्रिम जमानत याचिका पर आज बिलासपुर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए टूटेजा ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। मामले में बचाव पक्ष की ओर से दलीलें पूरी हो चुकी हैं। अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) अपना पक्ष रखेगा। जस्टिस एन.के. व्यास की अदालत में इस मामले की सुनवाई होनी है।
मांगों को लेकर लामबंद डॉक्टर, स्वास्थ्य मंत्री से करेंगे मुलाकात
छत्तीसगढ़ में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डॉक्टरों ने भी मोर्चा खोल दिया है। CGDF और JDA का प्रतिनिधिमंडल आज स्वास्थ्य मंत्री तथा स्वास्थ्य सेवा संचालनालय (DHS) के अधिकारियों से मुलाकात करेगा। दोपहर 2 बजे के बाद होने वाली इस बैठक में डॉक्टर अपनी मांगें रखेंगे।
इनमें बॉन्डेड यूजी-पीजी डॉक्टरों के वेतन और मानदेय में वृद्धि तथा पीजी और सुपर स्पेशियलिटी की पढ़ाई के लिए प्रॉपर्टी मॉर्गेज की अनिवार्यता समाप्त करने जैसी मांगें प्रमुख हैं। मांगों पर सहमति नहीं बनने की स्थिति में डॉक्टर गूगल मीट के माध्यम से आगे के आंदोलन की रणनीति तय करेंगे।
प्रदेश के 146 ब्लॉक और 33 जिला मुख्यालयों में आक्रोश रैली
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन आज अपनी मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आक्रोश रैली निकालेगा। यह प्रदर्शन प्रदेश के सभी 146 ब्लॉक और 33 जिला मुख्यालयों में आयोजित किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक होने वाली इस रैली में कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।
फेडरेशन की प्रमुख मांगों में पटवारियों के आंदोलन का सम्मानजनक निराकरण तथा केंद्र सरकार के समान 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) एरियर्स सहित प्रदान करना शामिल है। प्रदेशभर में होने वाले इस प्रदर्शन के जरिए कर्मचारी-अधिकारी अपनी मांगों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।



