मध्यप्रदेश

गांधीसागर में आज मोहन कैबिनेट का मंथन, 11,500 करोड़ की परियोजना पर लगेगी मुहर; BJP संगठन में नियुक्तियों को लेकर हाईकमान सख्त

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियां देखने को मिलेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंदसौर और नीमच के दौरे पर रहेंगे। गांधीसागर में प्रदेश सरकार की विशेष डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक आयोजित होगी, जिसमें करीब 11,500 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को मंजूरी दिए जाने की तैयारी है। वहीं, बीजेपी संगठन में गुटबाजी और लंबित नियुक्तियों को लेकर पार्टी हाईकमान ने सख्ती दिखाई है। इसके अलावा सिंधिया राजघराने की संपत्ति विवाद में अहम सुनवाई, भोपाल में समाजवादी पार्टी का किसान प्रदर्शन और मास्टर प्लान-2047 पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई भी आज सुर्खियों में रहेगी। राजधानी में 19 नवंबर से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट का रोमांच भी शुरू होने जा रहा है।

गांधीसागर में डेस्टिनेशन कैबिनेट, 11,500 करोड़ की परियोजना पर नजर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंदसौर और नीमच के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। मंदसौर के गांधीसागर में प्रदेश सरकार की विशेष डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होगी।

इस बैठक का सबसे बड़ा आकर्षण करीब 11,500 करोड़ रुपये की लागत वाली 1920 मेगावाट क्षमता की पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। ग्रीनको ग्रुप की यह परियोजना नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में 414 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही है। इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री मंदसौर में चंबल आरती में शामिल होंगे और ‘उपज से उद्यम’ प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही पर्यटन परियोजनाओं का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। बाद में वे नीमच के बसी स्थित पावर प्लांट का निरीक्षण कर शाम को भोपाल लौटेंगे।

MP BJP में गुटबाजी और खाली पदों पर नियुक्तियों को लेकर हाईकमान सख्त

मध्य प्रदेश बीजेपी में संगठनात्मक खींचतान और गुटबाजी के बीच पार्टी हाईकमान ने अब खाली पदों पर नियुक्तियों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। संगठन में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को पूरा करने के लिए जिला प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इसी सिलसिले में आज राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में महत्वपूर्ण संगठनात्मक समीक्षा बैठक होगी। सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक चलने वाली इस संभागवार बैठक में सभी जिलों के प्रभारियों को खाली पदों की सूची और प्रत्येक पद के लिए चार-चार नामों का पैनल लेकर उपस्थित रहने को कहा गया है।

बैठक में मोर्चों के जिला अध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों की नियुक्तियों को लेकर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि संगठन में लंबे समय से लंबित फैसलों को अब अंतिम रूप देने की तैयारी है।

41 हजार करोड़ की सिंधिया राजघराने की संपत्ति विवाद में अहम सुनवाई

ग्वालियर के सिंधिया राजघराने की करीब 41 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े बहुचर्चित विवाद में आज अतिरिक्त सत्र न्यायालय में महत्वपूर्ण सुनवाई होगी। मामले में प्रतिमा राणा के बयान और उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों पर सबकी नजरें रहेंगी।

प्रतिमा राणा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों तथा धोखाधड़ी से हस्ताक्षर करवाए जाने के दावों को लेकर अपना पक्ष रखने की तैयारी की है। इस विवाद में आज होने वाली सुनवाई को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

किसानों के मुद्दों पर भोपाल में समाजवादी पार्टी का शक्ति प्रदर्शन

किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी आज राजधानी भोपाल में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से करीब 500 ट्रैक्टरों के साथ किसानों के पहुंचने का दावा किया गया है।

दोपहर 1 बजे तुलसी नगर स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर विशाल सभा आयोजित होगी। इसके बाद किसान और सपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास तथा केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास का घेराव करने के लिए कूच करेंगे। प्रदर्शन के जरिए किसानों से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने उठाया जाएगा।

भोपाल मास्टर प्लान-2047 पर सुनवाई का तीसरा दिन, किसानों की आपत्तियों पर रहेगी नजर

भोपाल मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप पर प्राप्त दावे और आपत्तियों की सुनवाई आज तीसरे दिन भी जारी रहेगी। लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में चल रही इस प्रक्रिया को लेकर किसानों में नाराजगी बनी हुई है।

पिछले दिनों सुनवाई के दौरान किसानों ने मास्टर प्लान की प्रतियां जलाकर विरोध जताया था। किसानों का आरोप है कि बड़े तालाब के आसपास स्थित 78 गांवों की कृषि भूमि को रिवरफ्रंट, फॉरेस्ट और ग्रीन बेल्ट के रूप में प्रस्तावित किए जाने से उनकी आजीविका प्रभावित होगी। आज की सुनवाई में भी किसान अपनी आपत्तियां और मांगें अधिकारियों के सामने रखेंगे।

भोपाल में कल से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का रोमांच

राजधानी भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में एशिया की छह टीमें हिस्सा लेंगी।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान भारतीय महिला हॉकी टीम और मलेशिया के बीच खेला जाएगा। वहीं, प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 28 नवंबर को आयोजित होगा। अंतरराष्ट्रीय हॉकी के इस बड़े आयोजन को लेकर राजधानी में खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!