दक्षिण कोरिया में गूंजेगी छत्तीसगढ़ के दो छात्रों की प्रतिभा, रोबोटिक्स के अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

नेशनल चैंपियनशिप में हासिल किया था दूसरा स्थान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुलाकात कर बढ़ाया हौसला
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं में अध्ययनरत पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी 28 और 29 नवंबर को होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन की उपलब्धि हासिल करने वाले दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए शुभकामनाएं दीं और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन देने की। इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे प्रदेश के विद्यार्थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और तकनीक का है। प्रदेश के विद्यार्थियों में नई तकनीकों को सीखने, समझने और नवाचार करने की रुचि लगातार बढ़ रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि बच्चों को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने विश्वास जताया कि पराक्रम और मोहम्मद गौस दक्षिण कोरिया में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगे और छत्तीसगढ़ के साथ देश का नाम रोशन करेंगे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 7 हजार से अधिक विद्यार्थियों के बीच हासिल किया दूसरा स्थान
दोनों विद्यार्थियों ने नेशनल चैंपियनशिप-2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 16 से अधिक राज्यों के 7 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता की नौ अलग-अलग श्रेणियों में 500 से अधिक रोबोट के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी तकनीकी दक्षता और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। विभिन्न श्रेणियों से चयनित 36 विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
LEGO Line Follower श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी रेखा को पहचानकर उसी के अनुसार अपनी दिशा और गति नियंत्रित करते हुए आगे बढ़ सके। इस तकनीक में प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच, तकनीकी समझ और समस्या समाधान की क्षमता का विशेष महत्व होता है।
शिक्षकों और मार्गदर्शकों की मेहनत भी लाई रंग
इस उपलब्धि के पीछे विद्यार्थियों के अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा और टीम कोच शौर्य सिन्हा उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ उनके शिक्षकों और मार्गदर्शकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
रायपुर के इन दोनों विद्यार्थियों की सफलता ने साबित किया है कि प्रतिभा, लगन और सही मार्गदर्शन के दम पर छोटी उम्र में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। अब सबकी निगाहें दक्षिण कोरिया में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर हैं, जहां पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी भारतीय प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।



