महाराष्ट्र में शोषण और प्रताड़ना के बीच फंसे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिक मुक्त, गन्ना कटाई के नाम पर ले गया था ठेकेदार

सुबह से रात 9 बजे तक कराया जा रहा था काम, मजदूरी का भुगतान नहीं; सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 35 समेत तीन जिलों के श्रमिकों की सकुशल घर वापसी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ ( शिखर दर्शन ) // रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को शोषण और प्रताड़ना से मुक्त कराकर जिला प्रशासन ने सकुशल उनके घर पहुंचाया है। महाराष्ट्र के सोलापुर में गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम पर ले जाए गए इन श्रमिकों से कथित तौर पर सुबह से रात तक काम कराया जा रहा था, लेकिन वादे के मुताबिक मजदूरी नहीं दी जा रही थी। पर्याप्त भोजन नहीं मिलने, बीमारी में भी काम कराने, मारपीट और दुर्व्यवहार की शिकायतें सामने आई थीं। प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के तीन और सक्ती जिले के दो श्रमिक शामिल हैं।
जनदर्शन में पहुंची शिकायत से खुला मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत ग्राम पंचायत उलखर, थाना एवं तहसील सारंगढ़ निवासी एक श्रमिक की शिकायत से हुई। श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि महाराष्ट्र के सोलापुर में एक ठेकेदार उसके परिवार और गांव के अन्य लोगों को रोजगार दिलाने के नाम पर अपने साथ ले गया था।

ठेकेदार ने श्रमिकों को गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के बदले रहने, खाने, बीमारी में इलाज कराने और साप्ताहिक मजदूरी भुगतान की सुविधा देने का भरोसा दिलाया था। लेकिन सोलापुर पहुंचने के बाद परिस्थितियां इसके उलट हो गईं। शिकायत के मुताबिक, श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक लगातार काम कराया जाता था और साप्ताहिक मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया जा रहा था।
श्रमिकों ने पर्याप्त राशन नहीं मिलने, बीमार होने के बावजूद काम कराने तथा मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की थी। आवेदक ने अपने परिवार के 16 सदस्यों को बकाया मजदूरी सहित सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई थी।
कलेक्टर के निर्देश पर महाराष्ट्र पहुंची संयुक्त टीम
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम निरीक्षक डोलमनी माही, राजस्व निरीक्षक दीपक पटेल, सहायक उपनिरीक्षक श्री प्रकाश रजक और आरक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा को शामिल करते हुए संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंची और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर मामले की जांच की। जांच के दौरान श्रमिकों से अमानवीय परिस्थितियों में गन्ना कटाई का काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराने और उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की गई।
18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल
प्रशासन द्वारा मुक्त कराए गए 40 लोगों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35 श्रमिक हैं। इसके अलावा जांजगीर-चांपा जिले के तीन और सक्ती जिले के दो श्रमिक भी शामिल हैं।
सभी 40 श्रमिक 20 नवंबर को बचाव दल के साथ सकुशल अपने गृह ग्राम पहुंचे। लंबे समय बाद अपने परिवार और अपनों के बीच लौटने पर श्रमिकों एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार जताया।
प्रशासन की अपील- अनजान ठेकेदारों के झांसे में न आएं
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि रोजगार के नाम पर दूसरे राज्यों में ले जाने वाले अनजान ठेकेदारों और बिचौलियों के झांसे में न आएं। किसी भी दूसरे राज्य में काम करने जाने से पहले संबंधित व्यक्ति, कार्यस्थल, मजदूरी और रहने-खाने की व्यवस्था की पूरी जानकारी प्राप्त करें। साथ ही श्रम विभाग में आवश्यक पंजीयन भी कराएं।
प्रशासन ने कहा है कि दूसरे राज्यों में काम के दौरान शोषण, जबरन काम कराने, मजदूरी नहीं मिलने या किसी अन्य प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़े तो तत्काल श्रम विभाग अथवा पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।
रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करने वाले श्रमिकों के शोषण का यह मामला एक बार फिर उनकी सुरक्षा और अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। जिला प्रशासन की पहल से तीन जिलों के 40 लोगों की सुरक्षित घर वापसी संभव हो सकी।



