भोपाल में आज अंतरराष्ट्रीय हॉकी का रोमांच, नाथू बरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का होगा भव्य उद्घाटन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे लोकार्पण, सुखविंदर सिंह देंगे प्रस्तुति; थाईलैंड से भिड़ेगी भारतीय महिला हॉकी टीम, कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का शिवपुरी दौरा
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। इस अवसर पर शाम 6 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक समारोह आयोजित होगा, जिसमें बॉलीवुड गायक सुखविंदर सिंह अपनी प्रस्तुति देंगे। समारोह में छह देशों की हॉकी टीमें मार्च पास्ट करेंगी, वहीं एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट में छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के चलते राजधानी में खेल प्रेमियों के बीच खासा उत्साह है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 12 बजे भोपाल से राजस्थान के झालावाड़ के लिए रवाना होंगे। वहां रतनपुरा में स्थानीय कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके बाद उज्जैन के नागदा और रतलाम पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री शाम 4:15 बजे भोपाल लौटेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। रात 8:15 बजे वे टीटी नगर के दशहरा मैदान पहुंचकर भोपाल उत्सव मेला 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सरकार के तीन साल पूरे होने पर चित्रकूट में होगा चिंतन शिविर
मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर 21 और 22 दिसंबर को चित्रकूट में चिंतन शिविर आयोजित करेगी। इस शिविर में सभी मंत्री अपने-अपने विभागों के कामकाज का विस्तृत प्रस्तुतीकरण करेंगे। इसके माध्यम से अब तक किए गए कार्यों, उपलब्धियों और आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना का खाका सामने रखा जाएगा।
चिंतन शिविर से पहले दिसंबर के पहले सप्ताह में संबंधित मंत्री अपने विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में विभागीय प्रगति की समीक्षा के साथ भविष्य की योजनाओं पर चर्चा होगी। मंत्री नई योजनाओं और सुझावों के साथ शिविर में पहुंचेंगे, ताकि उनके क्रियान्वयन की संभावनाओं पर भी मंथन किया जा सके।
जीतू पटवारी और उमंग सिंघार का शिवपुरी दौरा
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आज शिवपुरी जिले के दौरे पर रहेंगे। दोनों नेता पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह की ओर से महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 152वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विशाल आमसभा में शामिल होंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी की संभावना है।
महिला हॉकी चैंपियनशिप: हैट्रिक के इरादे से उतरेगी भारतीय टीम
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में आज भारतीय महिला हॉकी टीम का मुकाबला थाईलैंड से होगा। यह मैच शाम 7 बजे नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा।
लगातार दो मुकाबलों में जीत दर्ज कर चुकी भारतीय टीम तीसरी जीत के साथ जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। घरेलू मैदान पर खेल रही भारतीय खिलाड़ियों से एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है। दर्शकों की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी रहेंगी।
थाने से फरार विदेशी नागरिक सैमुअल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
भोपाल के तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर से फरार हुए सेनेगल के नागरिक सैमुअल डिओप की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराया है, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सके।
जानकारी के अनुसार, सैमुअल बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत आया था। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे वह तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर से फरार हो गया। घटना के बाद सुरक्षा में तैनात आरक्षक संजय सोलंकी को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मामले में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में सैमुअल के फरार होने के साक्ष्य मिले हैं। फिलहाल उसकी तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। देशभर में उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया है।



