रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आश्वासन के बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित, मांगों पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति

वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेगी समिति; हड़ताल अवधि की कार्यवाहियों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल और सकारात्मक बातचीत के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने पटवारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मुद्दों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हड़ताल अवधि के दौरान हुई कार्यवाहियों पर भी संवेदनशीलता के साथ विचार करने का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री निवास में शनिवार को पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को धैर्यपूर्वक सुना और कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति मांगों का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि हड़ताल अवधि में पटवारियों के विरुद्ध हुई कार्यवाहियों के संबंध में सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की उचित मांगों और उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है।

मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और समिति गठित करने के निर्णय के बाद पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों के निराकरण की दिशा में शीघ्र सकारात्मक पहल होगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!