मध्यप्रदेश में मौसम का दोहरा प्रहार! बारिश के साथ बढ़ी ठंड, 12 जिलों में अलर्ट जारी

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ और पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, सिंगरौली में बारिश से धान की फसल पर संकट; गिरवर में 8.7 डिग्री पहुंचा पारा, 26-27 नवंबर से फिर बढ़ेगी ठंड
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब प्रदेश में साफ दिखाई देने लगा है। पूर्वी मध्यप्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है, जबकि उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय होने के कारण प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने रविवार को 12 जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को सिंगरौली, मऊगंज, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान की बात करें तो शाजापुर जिले के गिरवर में सबसे कम 8.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बैतूल में 9.2 डिग्री, नीमच के मरुखेड़ा, छतरपुर के नौगांव और भोपाल में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भोपाल में शीतलहर से मिली आंशिक राहत
राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान भी 1.8 डिग्री की वृद्धि के साथ 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार है।
शुक्रवार रात 2:30 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक राजधानी कोहरे की चादर में लिपटी रही। करीब साढ़े पांच घंटे तक दृश्यता एक हजार से दो हजार मीटर के बीच दर्ज की गई। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 26 और 27 नवंबर से प्रदेश में एक बार फिर ठंड का असर तेज हो सकता है।
सिंगरौली में बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में रखी धान की फसल पर संकट
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से सिंगरौली जिले में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। पिछले 24 घंटे से आसमान में बादल छाए हुए हैं, जबकि देवसर और चितरंगी क्षेत्रों में पूरी रात बारिश होती रही। बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
इस समय जिले में खरीफ फसल की कटाई का काम चल रहा है। ऐसे में खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल बारिश की चपेट में आने की आशंका है। महीनों की मेहनत के बाद तैयार हुई फसल पर मौसम की मार पड़ने से किसानों को आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है।
किसानों को अब प्रशासन से राहत की उम्मीद है। प्रभावित क्षेत्रों में फसलों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा देने की मांग उठने लगी है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो किसानों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
मौसम का बदला मिजाज एक ओर जहां ठंड बढ़ा रहा है, वहीं दूसरी ओर खेतों में तैयार खड़ी और कटी हुई धान की फसल के लिए भी मुसीबत बनता जा रहा है।



