मध्यप्रदेश

मोहन कैबिनेट की अहम बैठक आज, सुप्रीम कोर्ट में भोपाल सीलिंग मामले की सुनवाई; जनता क्वार्टर पर बुलडोजर एक्शन शुरू

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में सोमवार का दिन राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और मुहर लग सकती है। वहीं भोपाल में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर की गई सीलिंग कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। इधर, ऐशबाग के जनता क्वार्टरों को तोड़ने के लिए बुलडोजर कार्रवाई शुरू हो गई है। दूसरी ओर कांग्रेस 26 नवंबर को जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकालने की तैयारी में जुटी है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को राजधानी भोपाल में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे विज्ञान भवन में डॉ. वाकणकर गैलरी का उद्घाटन करेंगे।

इसके बाद दोपहर 1 बजे मंत्रालय में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दोपहर 2:30 बजे सिंहस्थ-2028 को लेकर मंत्रिमंडलीय समिति की सातवीं बैठक होगी। शाम 5 बजे समीक्षा बैठक में शामिल होने के बाद शाम 6 बजे रविंद्र भवन में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में पहुंचेंगे।

26 नवंबर को जबलपुर में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च

मध्यप्रदेश के जबलपुर में 26 नवंबर को कांग्रेस की ओर से संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। इसकी तैयारियों और रणनीति को लेकर पार्टी ने संगठनात्मक बैठक आयोजित की। इसमें ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों, पार्षदों और अग्रिम संगठनों के जिला अध्यक्षों ने हिस्सा लिया।

बैठक में मार्च की रूपरेखा तैयार करने के साथ पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कांग्रेस ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।

भोपाल सीलिंग कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

भोपाल में रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर चल रही सीलिंग कार्रवाई का मामला आज सुप्रीम कोर्ट में सुना जाएगा। इस मामले में नगर निगम ने न्यायालय में 10 पन्नों का हलफनामा पेश किया है। इसमें अब तक की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा दिया गया है।

नगर निगम के दावे के मुताबिक, तीन चरणों में करीब 10 हजार नोटिस जारी किए गए और 639 संपत्तियों को सील किया गया है। अरेरा कॉलोनी और रोहित नगर में हुई कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संपत्तियां सील होने के बावजूद कुछ प्रतिष्ठानों में दोबारा व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं।

रिहायशी इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों से परेशान स्थानीय रहवासियों ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अब न्यायालय की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

ऐशबाग के 599 जनता क्वार्टरों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू

भोपाल के ऐशबाग स्थित मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के जर्जर जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई है। यहां करीब 599 जर्जर आवासों को हटाया जाना है। हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद हाउसिंग बोर्ड, जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम कार्रवाई में जुटी है।

कार्रवाई को देखते हुए जनता क्वार्टर पहुंचने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। आवागमन के रास्ते बंद कर यातायात को डायवर्ट किया गया है। कई रहवासियों ने स्वेच्छा से अपने निर्माण हटाकर मकान खाली कर दिए हैं।

इस अभियान में चार एसडीएम, 10 तहसीलदार सहित पुलिस और नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारी तैनात किए गए हैं। क्वार्टरों को तोड़ने के लिए 10 पोकलेन मशीनों की मदद ली जा रही है।

हाउसिंग बोर्ड ने इससे पहले सभी रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने और सामान हटाने का अंतिम नोटिस जारी किया था। करीब 40 साल पुराने इन जनता क्वार्टरों को वर्ष 2016 में जर्जर घोषित किया गया था। बताया गया है कि इन करीब 600 क्वार्टरों में लगभग 3 हजार लोग निवास करते हैं।

इस तरह आज मध्यप्रदेश में कैबिनेट के फैसलों से लेकर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और भोपाल में बड़े स्तर पर चल रही प्रशासनिक कार्रवाई तक कई घटनाक्रम चर्चा में रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!