सोमनाथ दर्शन पर गए बुजुर्गों ने खोली तीर्थ यात्रा योजना की पोल, बदहाल व्यवस्थाओं का वीडियो जारी कर सरकार से मांगी मदद

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत सोमनाथ मंदिर दर्शन करने गए बुजुर्ग यात्रियों ने यात्रा के दौरान बदइंतजामी के गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों ने वीडियो जारी कर अपनी परेशानी बयां की और सरकार से व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने की गुहार लगाई है। बुजुर्गों का आरोप है कि यात्रा के दौरान उन्हें कई-कई घंटों तक सड़क पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, भोजन और ठहरने के इंतजाम भी बेहद खराब हैं।
वीडियो में बुजुर्ग यात्री अपनी बदहाली बताते हुए खासे नाराज नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि जिस सुविधा और सम्मान के साथ तीर्थ यात्रा कराने का भरोसा दिया गया था, उसके विपरीत उन्हें बेहद अपमानजनक परिस्थितियों में रहना पड़ रहा है। यात्रियों ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए यहां तक कहा कि उन्हें भिखारी से भी बदतर हालत में छोड़ दिया गया है।
भोजन की गुणवत्ता से लेकर साफ-सफाई तक पर सवाल
यात्रियों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर शिकायतें की हैं। उनका कहना है कि खाना इतना खराब है कि मजबूरी में केवल गुजारा करने के लिए भोजन करना पड़ रहा है। बुजुर्गों के मुताबिक, उन्होंने अपने जीवन में आज तक इतना घटिया खाना नहीं खाया। ठहरने की जगह की साफ-सफाई को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई है। आरोप है कि परिसर में इतनी गंदगी है कि देखकर लगता है, पिछले 15 से 20 दिनों से झाड़ू-पोंछा तक नहीं हुआ है।
जिम्मेदार कोच की गैरमौजूदगी से बढ़ी परेशानी
बुजुर्ग यात्रियों ने यात्रा की व्यवस्थाएं संभालने वाले जिम्मेदार कोच की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब यात्री परेशानियों से जूझ रहे हैं, तब जिम्मेदारी संभालने वाले व्यक्ति का कोई अता-पता नहीं है। ऐसे में बुजुर्गों को अपनी समस्याओं का सामना खुद ही करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का संचालन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के बुजुर्गों को विभिन्न तीर्थस्थलों की यात्रा कराना और उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है। लेकिन सोमनाथ यात्रा पर गए बुजुर्गों द्वारा वीडियो के माध्यम से लगाए गए आरोपों ने योजना के क्रियान्वयन, यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि सरकार और संबंधित विभाग इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करते हैं।


