76 गांवों को मिली सिंचाई की सौगात, CM मोहन यादव ने 536 करोड़ की सीप-अंबर परियोजना का किया लोकार्पण

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के किसानों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी है। सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र में सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के पहले और दूसरे चरण का लोकार्पण किया गया। करीब 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे 8 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र को 41.44 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की भी सौगात दी।
नर्मदा के पानी से लहलहाएंगे किसानों के खेत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र की जनता को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद मिला है। सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के शुरू होने से अब नर्मदा का पानी खेतों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सूखे खेतों को सिंचाई के लिए पानी मिल जाए तो फसल सोने जैसी हो जाती है। राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। किसानों को दिन में भी बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2002-03 तक प्रदेश में सिंचाई का रकबा महज साढ़े सात लाख हेक्टेयर था। पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ और वर्ष 2023 तक यह आंकड़ा बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर पहुंच गया। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई वर्षों में ही प्रदेश का सिंचित क्षेत्र 20 लाख हेक्टेयर बढ़कर 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है।
100 लाख हेक्टेयर सिंचाई का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि और उनके जीवन में बदलाव लाना सरकार का संकल्प है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है। सीप-अंबर परियोजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि इस परियोजना से बुधनी-सीहोर क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों की तकदीर बदलने में मदद मिलेगी।
41.44 करोड़ के विकास कार्यों की भी सौगात
मुख्यमंत्री ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र में 41.44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इनमें पांच सड़कों, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड का भूमिपूजन किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, सड़क, बिजली और रोजगार के अवसरों का लगातार विस्तार किया जा रहा है। सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षा देने, गांवों तक पक्की सड़क पहुंचाने और औद्योगिक विकास के जरिए युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर सरकार का विशेष जोर है।
पीएससी परीक्षा साल में दो बार कराने की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अब तक 85 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से पीएससी परीक्षा दो बार आयोजित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ प्रदेश भी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
लाड़ली बहनों को अब तक 60 हजार करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार कई योजनाएं चला रही है। पंचायत और नगरीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। वहीं लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की शुरुआत से अब तक करीब 60 हजार करोड़ रुपये की राशि बहनों को दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिलाएं, व्यापारी और गरीब सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए सरकार काम कर रही है। विकास की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
दूध उत्पादन में मध्य प्रदेश को नंबर वन बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए केवल खेती पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। पशुपालन, डेयरी, बकरीपालन, कुक्कुट पालन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा देना जरूरी है। मध्य प्रदेश फिलहाल दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार ने इसे पहले स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।
उन्होंने बताया कि नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के साथ समझौते के बाद सांची डेयरी से जुड़े किसानों को दूध के दाम में 5 से 8 रुपये तक का लाभ मिलने लगा है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय हर महीने एक हजार रुपये की सहायता देने का निर्णय भी लिया गया है। इसके अलावा मान्यता प्राप्त गोशालाओं के लिए अनुदान 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गोमाता किया गया है।
सलकनपुर सहित धार्मिक स्थलों का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सलकनपुर में माता विजयासन का भव्य लोक विकसित किया जा रहा है। यहां भविष्य में रेस्ट हाउस की सुविधा भी उपलब्ध होगी। उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक, चित्रकूट और ओरछा में भगवान श्रीराम से जुड़े धाम तथा भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थलियों को भव्य तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर और जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण, युवा कल्याण, नारी कल्याण और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए काम कर रही है।



