मध्यप्रदेश

सीएम मोहन यादव का सीहोर-देवास दौरा, इंदौर में जीतू पटवारी लगाएंगे सब्जी की दुकान; हाईकोर्ट में पार्षदों के दलबदल पर सुनवाई, आज भारत-मलेशिया हॉकी सेमीफाइनल

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में आज राजनीतिक, प्रशासनिक और खेल गतिविधियों के लिहाज से दिन काफी अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीहोर और देवास जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करने के साथ विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। वहीं इंदौर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी की दुकान लगाकर सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। दूसरी ओर पार्षदों के दलबदल मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। इसके अलावा भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के तहत भारत और मलेशिया के बीच सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। राजधानी के जनता क्वार्टर में एक मकान पर भी प्रशासन की कार्रवाई प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री का सीहोर और देवास दौरा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को सीहोर और देवास जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:45 बजे सीहोर जिले के भैरूंदा पहुंचेंगे। यहां सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के प्रथम और द्वितीय चरण का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी करेंगे।

दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री भोपाल पहुंचकर एमपी नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में आयोजित दिगंबर जैनाचार्य श्री विद्यासागर महाराज स्मारक डाक टिकट लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे देवास पहुंचकर जनविश्वास कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। शाम 5:35 बजे देवास से इंदौर के लिए रवाना होंगे और वहां से भोपाल लौटेंगे। उनके शाम 6:30 बजे भोपाल पहुंचने का कार्यक्रम है।

536 करोड़ की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

सीहोर जिले के भैरूंदा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के दोनों चरणों का लोकार्पण करेंगे। लगभग 536.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से बुदनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान भैरूंदा विकासखंड में 41.44 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।

फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी की दुकान लगाएंगे जीतू पटवारी

इंदौर में फूटी कोठी ब्रिज को लेकर कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शाम 4 बजे ब्रिज के नीचे सब्जी की दुकान लगाएंगे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में उतरकर अपना विरोध दर्ज कराएगी।

पार्षदों के दलबदल मामले में हाईकोर्ट सख्त, सरकार से मांगा जवाब

इंदौर नगर निगम के तीन पार्षदों के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और संबंधित पार्षदों को नोटिस जारी किया है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट की याचिका पर अदालत ने दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।

याचिका में मध्य प्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 17(3) की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी गई है। यह धारा पार्षद या महापौर की अयोग्यता तय करने का अधिकार राज्य सरकार को देती है। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति पवन कुमार द्विवेदी की खंडपीठ में हुई।

वार्ड क्रमांक 15, 17 और 23 के पार्षदों को अयोग्य ठहराने संबंधी अभ्यावेदन मार्च 2026 में खारिज कर दिया गया था। अब इस मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर 2026 को होगी।

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में आज दो सेमीफाइनल

भोपाल में आयोजित महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के तहत शुक्रवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला जापान और चीन के बीच शाम 4:30 बजे होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना मलेशिया से होगा।

दोनों मुकाबले भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होंगे। दर्शकों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है।

जनता क्वार्टर के एक मकान पर आज चलेगा बुलडोजर

भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में एक और मकान को शुक्रवार को ध्वस्त किया जाएगा। इससे पहले 23 नवंबर को यहां 599 क्वार्टर तोड़े गए थे। हालांकि ब्लॉक नंबर 465 स्थित एक मकान को लेकर हाईकोर्ट ने पहले मोहलत दी थी। अब अदालत से स्थगन हटने के बाद प्रशासन इसे खाली कराकर ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगा।

प्रभावित पक्ष को कलेक्टर दर से निर्धारित लगभग 1,405 रुपये प्रतिमाह किराया देने की बात भी सामने आई है।

भोपाल में आज से तीन दिवसीय विश्वरंग-2026

राजधानी भोपाल में 27 से 29 नवंबर तक विश्वरंग के आठवें संस्करण का आयोजन होगा। इसमें 21 देशों के प्रवासी साहित्यकार, शिक्षाविद, भाषाविद और संस्कृतिकर्मी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर और रवीन्द्र भवन के हंस ध्वनि सभागार में आयोजित किए जाएंगे।

तीन दिवसीय आयोजन में हिंदी की वैश्विक पहचान, प्रवासी भारतीयों की नई पीढ़ी, भाषा-संस्कृति, साहित्य, अनुवाद और डिजिटल दौर में हिंदी की भूमिका जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘प्रवासी उत्सव’ रखी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!