मध्यप्रदेश

उज्जैन में मंदिर प्राण प्रतिष्ठा, भोपाल में संविधान दिवस उत्सव; कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च, हॉकी में भारत की शानदार जीत

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश में आज राजनीतिक, धार्मिक और खेल गतिविधियों का खास दिन रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में शारदा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद भोपाल में विधानसभा के संविधान दिवस उत्सव और संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उधर, कांग्रेस जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। वहीं, महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने जापान को 4-0 से करारी शिकस्त देकर जीत के साथ लीग मुकाबलों का समापन किया।

उज्जैन और भोपाल में रहेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 7:40 बजे भोपाल से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। सुबह 8:40 बजे वे ग्राम देंदिया स्थित श्रृंगेरी शंकर मठ पहुंचेंगे, जहां शारदा मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा और कुंभाभिषेक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद सुबह 10:15 बजे उज्जैन से भोपाल के लिए रवाना होकर 11:10 बजे विधानसभा में आयोजित संविधान दिवस उत्सव में हिस्सा लेंगे। दोपहर 2 बजे भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे और 3 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल होंगे। शाम 5 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

विधानसभा में संविधान गैलरी का होगा उद्घाटन

मध्यप्रदेश विधानसभा में 77वें संविधान दिवस के अवसर पर विशेष संविधान उत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर अध्यक्षता करेंगे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। इसके बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा। इस अवसर पर ‘विधायिनी’ के संविधान विशेषांक का विमोचन भी होगा। विधानसभा के सेंट्रल हॉल में संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं, नवनिर्मित संविधान गैलरी के माध्यम से संविधान निर्माण में मध्यप्रदेश के योगदान और उससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

दिल्ली में कृषि योजनाओं और बजट पर हुई चर्चा

कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को नई दिल्ली के कृषि भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल शामिल हुए।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा और उनके क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। इसके अलावा आगामी वित्तीय वर्ष के बजट और केंद्र तथा राज्य सरकार के संयुक्त कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

जबलपुर में कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च

संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस आज जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इसकी तैयारियों को लेकर पार्टी ने शहर में बैठक कर नेताओं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

मार्च शहीद स्मारक, गोल बाजार से शुरू होगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

तैयारी बैठक में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट, ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव और जिला अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा मौजूद रहे। बैठक में ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों तथा पार्षदों को आयोजन की जिम्मेदारियां दी गईं।

महिला हॉकी में भारत ने जापान को 4-0 से हराया

खेल के मैदान से भी भारत के लिए अच्छी खबर आई है। महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 4-0 से पराजित कर दिया।

इस एकतरफा जीत के साथ भारतीय टीम ने अपने लीग मुकाबलों का समापन किया और अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। जापान के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और शानदार तालमेल के दम पर बड़ी जीत दर्ज की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!