मध्यप्रदेश

तड़के 4 बजे खुले बाबा महाकाल के पट, पंचामृत अभिषेक के बाद भस्म से हुआ दिव्य श्रृंगार; जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार तड़के ब्रह्ममुहूर्त में भगवान महाकाल की भस्म आरती विधि-विधान और विशेष श्रृंगार के साथ संपन्न हुई। अगहन मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया एवं चतुर्थी तिथि के अवसर पर सुबह करीब 4 बजे मंदिर के पट खोले गए। इसके बाद पुजारियों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। तत्पश्चात दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक किया गया।

पंचामृत अभिषेक के बाद हुआ दिव्य श्रृंगार

अभिषेक पूजन के बाद भगवान महाकाल का भांग, चंदन और आभूषणों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। भस्म अर्पण से पहले प्रथम घंटाल बजाकर हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान का ध्यान और कपूर आरती संपन्न हुई। इसके बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म रमाई गई।

भस्म आरती के पश्चात भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। आभूषणों और पुष्पों से सुसज्जित बाबा महाकाल का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

भस्म आरती के बाद निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन

धार्मिक मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल भक्तों को निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं। इस अलौकिक परंपरा के दर्शन के लिए सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं कहकर बाबा से सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष से गुंजायमान होता रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!