Blog

धान खरीदी में फर्जीवाड़े की जांच तेज, डिंडोरी में EOW की रेड; मंडी और नागरिक आपूर्ति निगम के दस्तावेज खंगाले

डिंडोरी ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में धान खरीदी में कथित अनियमितताओं और फर्जी किसानों के नाम पर हजारों क्विंटल धान की खरीदी दर्शाने के मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने कार्रवाई की है। जबलपुर से पहुंची EOW की टीम ने डिंडोरी स्थित नागरिक आपूर्ति निगम विभाग और गोरखपुर कृषि उपज मंडी में दबिश दी। टीम शासकीय दस्तावेजों की जांच करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों से पूछताछ कर रही है।

फर्जी किसानों के नाम पर हजारों क्विंटल धान खरीदी का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पूरा मामला गोरखपुर कृषि उपज मंडी के माध्यम से फर्जी किसानों के नाम पर हजारों क्विंटल धान की खरीदी दर्शाने से जुड़ा है। आरोप है कि मंडी से धान उठाने के बाद जिले के कुछ राइस मिल संचालक इसे महाराष्ट्र में बेच देते थे।

बीते दिनों जिला प्रशासन की जांच टीम ने इस मामले में कार्रवाई की थी। इसके बाद फर्जी किसानों के नाम पर धान खरीदी का मामला सामने आया और इसकी जांच शुरू हुई।

EOW अधिकारी की मौजूदगी में दस्तावेजों की जांच

मामले की विस्तृत जांच के लिए जबलपुर EOW की टीम डिंडोरी पहुंची है। EOW अधिकारी स्वर्णजीत सिंह धामी की मौजूदगी में टीम कृषि उपज मंडी और नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही खरीदी से संबंधित शासकीय रिकॉर्ड और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

राइस मिलों तक पहुंच सकती है जांच

जांच का दायरा आगे बढ़ने के साथ जिले की कुछ राइस मिलों में भी दबिश दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल EOW की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित धान खरीदी घोटाले में शामिल लोगों और अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!