बिलासपुर संभाग

नवरात्रि में यातायात व्यवस्था संभालने वाले युवाओं का पुलिस ने किया सम्मान, प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया हौसला

जांजगीर-चांपा ( शिखर दर्शन ) // नैला नवरात्रि पर्व के दौरान मां दुर्गा के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग देने वाले युवाओं को जांजगीर-चांपा पुलिस ने सम्मानित किया है। मुख्यालय जांजगीर, ग्राम सुकली और पचेड़ा के युवाओं ने पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके सेवा भाव और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए पुलिस ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

नवरात्रि पर्व के दौरान नैला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए थे। श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की पार्किंग निर्धारित की गई थी।

इस दौरान जांजगीर मुख्यालय सहित सुकली और पचेड़ा के युवाओं ने स्वेच्छा से आगे आकर पुलिस का सहयोग किया। युवाओं ने सड़क पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाया। उनके प्रयासों से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और भीड़ के व्यवस्थित संचालन में मदद मिली।

SP के निर्देशन में किया गया सम्मान

युवाओं के इस सराहनीय योगदान को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने सभी सहयोगी युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने युवाओं की सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से ही बेहतर यातायात व्यवस्था और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

पुलिस ने युवाओं की इस पहल को सामाजिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!