दुर्ग संभाग

भिलाई निगम की आखिरी सामान्य सभा में जमकर हंगामा, जमीन पर बैठे भाजपा पार्षद तो टेबल पर चढ़े मुकेश अग्रवाल; 14 प्रस्ताव पारित

दुर्ग ( शिखर दर्शन ) // भिलाई नगर निगम की पांच साल की पारी की आखिरी सामान्य सभा विकास कार्यों की चर्चा के बजाय हंगामे और आरोप-प्रत्यारोप की भेंट चढ़ गई। सदन में स्थिति ऐसी बनी कि पार्षद अपनी कुर्सियां छोड़कर विरोध पर उतर आए। भाजपा के विपक्षी पार्षद जमीन पर बैठ गए, वहीं वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद मुकेश अग्रवाल बोलने का अवसर नहीं मिलने से नाराज होकर टेबल पर चढ़ गए और सभापति की टेबल तक पहुंच गए। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही रोकनी पड़ी।

हालांकि, इस गहमागहमी के बीच सभापति ने 14 एजेंडों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ सामान्य सभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने निगम के पांच साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस दौरान विकास के बजाय भ्रष्टाचार ही हावी रहा।

फोटो सेशन के बाद सदन में शुरू हुआ सियासी घमासान

सामान्य सभा शुरू होने से पहले माहौल कुछ अलग था। सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन और पक्ष-विपक्ष के पार्षदों ने पांच साल के कार्यकाल की आखिरी सामान्य सभा को यादगार बनाने के लिए फोटो सेशन कराया। लेकिन जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, विकास के मुद्दों पर चर्चा की जगह आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

इसी बीच भाजपा पार्षद संतोष मौर्य घोड़े पर सवार होकर निगम पहुंचे। उन्होंने पेपर ब्लॉक मामले में अपने आरोपों को सही साबित होने का दावा करते हुए घुड़सवारी को अपनी जीत का प्रतीक बताया।

14 प्रस्ताव पारित, महापौर ने विपक्ष पर लगाए आरोप

महापौर नीरज पाल ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सामान्य सभा में 14 प्रस्ताव लाए गए थे, जिन्हें पारित कर दिया गया है। उनके मुताबिक, विपक्ष के हंगामे के बावजूद शहर के विकास से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

नेता प्रतिपक्ष बोले- पांच साल में सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ

दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने आरोप लगाया कि वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद मुकेश अग्रवाल को अपने वार्ड की समस्याएं रखने तक का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि चर्चा से बचने के लिए सदन में हंगामे की स्थिति बनने दी गई। भोजराज सिन्हा ने निगम के पांच साल के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस दौरान केवल भ्रष्टाचार हुआ है।

भिलाई नगर निगम की इस आखिरी सामान्य सभा में हुए हंगामे ने चुनाव से पहले निगम की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है। जहां महापौर ने 14 प्रस्तावों के पारित होने को विकास की दिशा में उपलब्धि बताया, वहीं विपक्ष ने पूरे कार्यकाल को भ्रष्टाचार और अव्यवस्था के आरोपों के साथ घेरा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!