मध्यप्रदेश

सेंट्रल जेल के जेलर पर महिला प्रहरी से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज; CCTV फुटेज और ड्यूटी रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित सेंट्रल जेल में पदस्थ जेलर मग्नु सिंह मरावी के खिलाफ 58 वर्षीय महिला प्रहरी ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, कथित घटना नाइट ड्यूटी के दौरान हुई, जब रात करीब 10:30 बजे गश्त के दौरान महिला प्रहरी की मुलाकात जेलर से हुई थी।

अश्लील बातें करने और जबरन वॉशरूम ले जाने का आरोप

महिला प्रहरी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जेलर ने उसके साथ अश्लील बातें कीं और जबरन वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है।

जेल पहुंची पुलिस टीम, घटनास्थल का किया निरीक्षण

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस टीम सेंट्रल जेल पहुंची और कथित घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के तहत जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और ड्यूटी से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास मौजूद कर्मचारियों और संभावित गवाहों से भी पूछताछ की जा रही है।

2017 में भी दर्ज कराया था मामला

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 में भी महिला प्रहरी ने जेल के एक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। हालांकि, पुराने प्रकरण और वर्तमान शिकायत के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल जेलर के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। मामले में पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!